तेज रफ्तार बाइक की टक्कर ने छीनी पिता की जिन्दगी
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
तेजस टूडे सं.
प्रेमचन्द
बाराबंकी। सड़क पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर एक परिवार की खुशियां उजाड़ गया। असन्द्रा थाना क्षेत्र की सिद्धौर चौकी अंतर्गत ग्राम हाजीपुर निवासी 45 वर्षीय बजरंग रावत की इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 8 बजे मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के मुताबिक बीते 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे बजरंग रावत किसी जरूरी काम से देवकली मोड़ पर खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बजरंग के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गये जहां जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया है। बजरंग अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी 16 वर्षीय बेटी खुशबू रावत और 14 वर्षीय बेटा अभिषेक रावत अब पिता के साये से महरूम हो गए हैं। जिस उम्र में बच्चों को पिता का सहारा और मार्गदर्शन चाहिए, उस उम्र में उनके सिर से पिता का हाथ हमेशा के लिए उठ गया।











