खेत बचाओ अभियान में कृषक जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं टिकाऊ खेती के प्रति किया गया जागरूक
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। खेत बचाओ अभियान के तहत विकास खंड सांथा के ग्राम अंतरानानपार एवं मोहदूपुर में कृषि विज्ञान केंद्र संत कबीर नगर और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषक जागरूकता कार्यक्रम किया गया। यह आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. सीपीएन गौतम के नेतृत्व में हुआ।
इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक (कृषि प्रसार) डॉ. अभिनव सिंह ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और टिकाऊ खेती की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों का प्रयोग, जैविक एवं हरी खाद का महत्व, फसल अवशेष प्रबंधन, प्राकृतिक खेती तथा समेकित पोषक तत्व प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित प्रयोग से होने वाले नुकसान के प्रति आगाह करते हुए मिट्टी में जैविक कार्बन और सूक्ष्मजीवों की सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया।
डॉ. अभिनव सिंह ने कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही समृद्ध खेती का आधार है। लंबे समय तक अच्छी पैदावार और खेती को लाभकारी बनाए रखने के लिए मिट्टी के स्वास्थ्य का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण के आधार पर खाद एवं उर्वरकों का प्रयोग करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को खेती का हिस्सा बनाने की अपील किया। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर मिट्टी की गुणवत्ता एवं उर्वरता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों की सहभागिता से मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण करना तथा खेती को टिकाऊ, लाभकारी और पर्यावरण अनुकूल बनाना है।











