मुम्बई की सड़कों पर दौड़ेंगी 1500 ई-बसें, मेट्रो से भी बढ़ेगी कनेक्टिविटी
सफर होगा आसान एवं प्रदूषण पर लगेगी लगाम
तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। मुंबई महानगर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन उपक्रम (बेस्ट) ने 1,500 नई वातानुकूलित विद्युत मिडी बसें शुरू करने की योजना बनाई है इन बसों के सड़कों पर उतरने से यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचना भी आसान होगा इस पहल से महानगर में प्रदूषण कम करने की दिशा में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेस्ट ने इन बसों की आपूर्ति के लिए दो कंपनियों के साथ अनुबंध किया है। इसके तहत ईकेए कंपनी 1,050 और स्विच कंपनी 450 विद्युत बसें उपलब्ध कराएगी केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत इन बसों का संचालन 12 वर्ष के अनुबंध पर किया जाएगा। योजना के अनुसार पहली खेप में 225 बसें मार्च 2027 तक परिवहन सेवा में शामिल की जाएंगी जबकि शेष 1,275 बसें मार्च 2028 तक सड़कों पर उतारने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नौ मीटर लंबी इन बसों को मुंबई की संकरी सड़कों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में यातायात की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। 28 यात्रियों के बैठने की होगी क्षमता प्रत्येक बस में 28 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में वातानुकूलन कम ऊंचाई वाला प्रवेश द्वार और दिव्यांग यात्रियों के लिए स्वचालित रैंप की सुविधा रहेगी। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए विशेष सीटें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।











