सरकारी स्कूल में बच्चों के खाने में मिले कीड़े
मिड-डे-मील का खाना खाते ही 20 बच्चे पड़े बीमार
राजमा-आलू की सब्जी में मोटे-मोटे कीड़े तैरते मिले
अजय जायसवाल
गोरखपुर। कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय सराय गुलरिहा में दोपहर के भोजन में राजमा-चावल परोसा गया। राजमा में कीड़े पड़े थे। थाली में खाना आते ही कीड़े देख बच्चों ने उल्टियां करनी शुरू कर दी। उन्हें नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
बच्चों के बीमार पड़ते ही यह घटना आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। सूचना मिलते हर आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान बच्चों के अभिभावकों ने भी स्कूल पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया। चरगांवा के बालापार स्कूल में भी यही भोजन पहुंचने की खबर है।
अक्षय पात्र फाउण्डेशन ने पहुंचाया था खाना
दरअसल नगर क्षेत्र और चरगांवा क्षेत्र में मध्याह् भोजन वितरण की जिम्मेदारी अक्षय पात्र फाउंडेशन को दी गई है। शनिवार की सुबह 11 बजे एजेंसी के कर्मचारी कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय सराय गुलरिहा में भोजन लेकर पहुंचे थे। भोजन करते ही स्कूल में मौजूद किसी बच्चे के पेट में दर्द शुरू हो गया तो किसी को उल्टियां होने लगी जबकि कई बच्चों ने भोजन करते ही चक्कर आने की भी शिकायत की।
खाने का कंटेनर चेक किया तो रेंगते मिले कीड़े
इसके बाद स्कूल के कर्मचारियों और शिक्षकों ने जब भोजन को चेक किया तो वे हैरान रह गए। इस तरह की लापरवाही देखकर सब के हाथ—पांव फूल गए। राजमा-आलू की सब्जी में मोटे-मोटे कीड़े तैरते मिले। बर्तन में भी चारो तरफ कीड़े रेगते हुए मिले। हालांकि कुछ बच्चों के बीमार पड़ते ही स्कूल में अफरा—तफरी मच गई। बाकी बच्चों ने भोजन नहीं किया।
कीड़े वाले भोजन का कंटेनर लेकर कर्मचारी भागने लगे
सहायक अध्यापिका संतोष मिश्रा ने बताया कि बच्चों की तबीयत खराब होने और भोजन के कंटेनर में कीड़े मिलने के बाद तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान और शिक्षा विभाग के असफरों को दी गई। वहीं इसकी सूचना पाते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और वे आक्रोशित हो गए। इस दौरान अक्षय फाउंडेशन के कर्मचारियों ने वहां से कीड़े वाले भोजन का कंटेनर हटाने की भी कोशिश की लेकिन ग्रामीणों ने कंटेनर नहीं ले जाने दिया।
मौके पर मीडिया कर्मी भी पहुंच गये जबकि सूचना पाकर पहुंचे मीडिया कर्मियों से भी एजेंसी के कर्मचारी उलझ गये लेकिन मामला तूल पकड़ने से पहले पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सभी बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चरगांवा भेजा गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। बीमार बच्चों में अर्चना (8), प्रियंका (8), दुर्गा (7), अनुष्का (8) समेत करीब 20 बच्चों को अस्पताल भेजा गया है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













