बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को लेकर महिलाओं को किया गया जागरूक
चोलापुर पुलिस ने लघु फिल्म के माध्यम से बाल विवाह रोकने एवं सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
तेजस टूडे ब्यूरो
जितेन्द्र सिंह चौधरी/अतुल राय
वाराणसी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के अंतर्गत थाना चोलापुर,कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिस टीम ने महिलाओं को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिलाओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए आगे आने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिलाओं को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई। साथ ही केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए संबंधित हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। जागरूकता कार्यक्रम में बाल विवाह के दुष्परिणामों को दर्शाने वाली लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। इसके माध्यम से बाल विवाह को रोकने, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर हेड कांस्टेबल अनुनेश कुमार, हेड कांस्टेबल मोहम्मद शकील, मिशन शक्ति टीम प्रभारी महिला हेड कांस्टेबल मंजू जायसवाल, महिला कांस्टेबल प्रियांशी गोंड, महिला कांस्टेबल राधा देवी, थाना चोलापुर की एंटी रोमियो टीम मौजूद रही। चोलापुर पुलिस ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण के लिए जागरूकता, शिक्षा और जनसहभागिता आवश्यक है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बाल विवाह रोकने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, ताकि बेटियों को सुरक्षित वातावरण,शिक्षा और बेहतर भविष्य मिल सके।













