परिवार नियोजन के लिए स्वास्थ्य केन्द्रों तक पहुंचने लगी महिलायें: सीएमओ
सीएचओ के जरिये भी उपलब्ध कराया जा रहा परिवार नियोजन का साधन
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। केस:1- कलंदरपुर की अनीता यादव, उम्र 36 वर्ष के दो बच्चे हैं। बेटा 5 वर्ष का और बेटी 2 साल की। वह अब और बच्चे नहीं चाहती हैं। इसके लिए अनीता ने स्थानीय आशा से बात की। आशा उन्हें साथ लेकर उपकेंद्र कलंदरपुर गई। वह सीएचओ ने परिवार नियोजन की विविध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। अनीता ने अंतरा की सुविधा ली। अनीता अब स्वस्थ और सामान्य जीवन जी रही हैं। पहले चिंता रहती थी कि कहीं फिर से गर्भवती न जाऊं लेकिन अब खुश हूं।
केस:2- ब्लॉक मोहम्मदपुर की आराधना यादव (23) को दो वर्ष की बेटी है। वह बताती हैं कि बेटी बहुत कमजोर है उसकी देखभाल ठीक से हो जाये तब दूसरे बच्चे के लिए विचार करना है। पति से बात की कि बेटी कम से कम 5 साल की हो जाए तभी दूसरा बच्चा आएगा। पति के सहमत होने पर वह उप केंद्र पर गई। सीएचओ ने परिवार नियोजन से सबंधित सारी जानकारी दी। इसमें अंतरा की सुविधा को चुना। घर के पास ही यह सुविधा मिल गयी इसलिए खुश हूं। इसके लिए न तो गांव के बाहर जाना पड़ा,न ही कोई दिक्कत हुई। वर्ना 30 किलोमीटर दूर शहर जाने की परेशानी होती। पति मजदूरी करते है। इस सुविधा के लिए दूर जाने पर उनके समय के साथ ही किराये-भाड़े का भी नुकसान होता।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आई एन तिवारी ने बताया कि यह दो घटनाएँ इस बात की नज़ीर हैं की परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों के प्रति महिलाओं में उत्साह बढ़ा है। इसके लिए अब वह झिझक तोड़ कर खुद भी स्वास्थ्य केन्द्रों तक पहुँचने लगी हैं। इस परिवर्तन का बड़ा कारण है जिले में परिवार नियोजन के प्रति लगातार चलाये जा रहे जागरूकता अभियान का। साथ परिवार नियोजन के साधनों की उपलब्धता को आसान बनाने से भी यह बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि परिवार नियोजन के साधनों की सुविधा उपकेंद्रों में भी उपलब्ध है।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारिओं (सीएचओ) के जरिये भी इस सुविधा को जरुरतमंदो को उपलब्ध कराया जा रहा है ताकि ग्रामीण क्षेत्र के दंपति परिवार नियोजन के प्रति जागरूक हो और इस सुविधा का लाभ उन तक आसानी से पहुँच सकें। परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ संजय कुमार ने बताया कि जिले में अप्रैल 2022 से अब तक अंतरा 7764, आईयूसीडी 9034,कंडोम 685248, छाया 38554, माला 82137 का इस्तेमाल यह बताता है कि परिवार नियोजन के अस्थाई साधन के प्रति लोगों में अभिरुचि आई है।
जनसंख्या स्थिरीकरण के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार नियोजन आधारित कई तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। जो महिलाएं दूर -दराज के गांव में होने के कारण परिवार नियोजन की सुविधा लेने में असमर्थ होती है उन्हें उनके ही गाँव में सीएचओ के जरिये सुविधा प्रदान किया जा रहा है।
उपकेंद्र कलंदरपुर ब्लॉक मोहम्मदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ज्योति सिंह ने बताया कि महिलाएं नवीन गर्भनिरोधक साधनों का उपयोग कर रही है। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में परिवार को सीमित रखने को लेकर जागरूकता देखने को मिल रही है। परिवार नियोजन कार्यक्रम में भी उनकी भागीदारी बढ़ रही है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण के लिए परिवार नियोजन के स्थाई तथा अस्थाई साधनों की सेवायें प्रदान कर ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु मृत्यु-दर में कमी लाना है।
ऐसी महिलाएं जिनको दवा व इंजेक्शन इस्तेमाल करने से असुविधा हो रही हो, उनको को कंडोम वितरित करते हुए जनसंख्या को नियंत्रण करने के लिए उत्साहित किया जा रहा है। सुविधा लेने में असमर्थ ग्रामीणों को अब परिवार नियोजन की सभी सुविधाएं उनके पसंद अनुसार ही सीएचओ के जरिये उपकेंद्र पर ही प्रदान किया जा रहा है जिससे जनता को असहजता व झिझक का सामना नहीं करना पड़ रहा है। केंद्र पर महिलाएं खुल कर बात कर लेती है। उन्हें कौन सी सुविधा लेनी है, किस सुविधा से उन्हें परेशानी होती है, दूसरे बच्चे के लिए कब तैयारी करनी होगीं, सहमति बनाने के प्रति महिलाएं उत्साहित होकर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी से सहायता ले रही है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














