तेजस टूडे ब्यूरो
अश्वनी सैनी
उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के जगत नगर-सहजनी मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 8 बजे तेज़ रफ़्तार डीसीएम ने पैदल जा रही महिला को पीछे से रौंद दिया। हादसे में महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। स्वजन घायल को लेकर सीएचसी पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार की 40 वर्षीय पत्नी पुष्पा देवी शनिवार सुबह करीब 8 बजे पैतृक घर से नए मकान में रह रहे स्वजन को भोजन बनाने के लिए पैदल जा रही थी। तभी जगत नगर-सहजनी मार्ग पर स्थित उसके नए मकान के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे रौंद दिया जिससे वह गंभीर रूप जख्मी हो गई।
लोगों के अनुसार आस—पास के लोगों ने स्वजन को हादसे की सूचना दी। आनन-फानन स्वजन ने जख्मी महिला को सीएचसी लाये जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक डीसीएम को छोड़कर मौके से भाग निकला। पति की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुष्पा देवी की मौत से घर में कोहराम मचा रहा। इस बाबत पूछे जाने पर इंस्पेक्टर राजेश पाठक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
——इनसेट——
अब कौन करेगा बच्चों का पालन पोषण?
पुष्पा देवी की असामयिक मौत से पति राजेन्द्र कुमार को बच्चों के भविष्य और भोजन बनाने की चिंता सता रही है। अब चारों बच्चों का पालन पोषण कौन करेगा। बेटे नरेंद्र, गोविंद, अमित व पंकज शव देखते ही दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगे। शनिवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। शव घर पहुंचते ही परिजन व रिश्तेदार रो—रोकर बेहाल होते रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचारहमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।