मकान मालिक के बेटों पर महिला ने लगाया अभद्रता एवं तमंचा तानने का आरोप
बोली— महिला चौकी पुलिस भी बना रही नाबालिगों पर दबाव
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, (जालौन)। शहर कोतवाली अन्तर्गत उमरार खेड़ा मोहल्ले में किराये के मकान में रहने वाली एक महिला ने मकान मालिक के बेटों पर गाली-गलौज, अभद्रता और अपने नाबालिग बच्चों पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता जयदेवी पत्नी उत्तम सिंह ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया है।
पीड़िता के अनुसार वह पिछले 5 माह से हमीर सिंह याज्ञिक के मकान में किराये पर रह रही है और मकान मालिक को 20 हजार रुपये एडवांस भी दे चुकी है। आरोप है कि 2 नवंबर को मकान मालिक ने उस पर और उसके बच्चों पर चोरी का झूठा आरोप लगाकर चौकी पहुंचवा दिया था जहां पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। महिला का आरोप है कि इसके बाद जब वह रात में अपने बच्चों के साथ कमरे पर पहुंची तो मकान मालिक के बेटे विनय याज्ञिक और दीपू शराब के नशे में मिले।
दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की तथा उसके नाबालिग बच्चों पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का दावा है कि घटना के कई प्रत्यक्षदर्शी भी मौजूद हैं। घटना से भयभीत महिला ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।











