HomeTrendingयुवा संसद कार्यक्रम में विजेताओं को मिले प्रमाण पत्र

युवा संसद कार्यक्रम में विजेताओं को मिले प्रमाण पत्र

  • युवा संसद कार्यक्रम में विजेताओं को मिले प्रमाण पत्र

तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। गंगा मेमोरियल गर्ल्स डिग्री कॉलेज में युवा संसद कार्यक्रम हुआ जिसका उद्घाटन पंकज वर्मा मुख्य विकास अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्र नीति, लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक निर्माण व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। जिलास्तरीय प्रतियोगिता के तीन विजेताओं ऋषभ देशमुख, जय गुप्ता, अनंत मिश्रा को अब राज्य स्तर पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिलेगा।
मुख्य अतिथि ने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं। युवा संसद जैसे मंचों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास होता है जो ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा। युवा संसद के दौरान विभिन्न सत्रों में प्रतिभागी युवाओं ने समसामयिक और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपनी बेबाक राय और मजबूत वक्तव्य पेश किए। युवाओं के तर्कों, भाषण शैली और प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन करने के लिए गठित ज्यूरी मेंबर्स ने बेहद बारीकी और लगन के साथ सभी का निर्णय लिया। प्रतियोगियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
इस दौरान जिला युवा अधिकारी रश्मि शबनम गुप्ता ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत ने प्रतियोगिता के विजेताओं को स्मृति चिन्ह, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही कहा कि आज के युवाओं की सोच में देश को आगे ले जाने की छटपटाहट दिखती है। जिला स्तर पर बाजी मारने वाले इन होनहार युवाओं को आगे राज्य पटल पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

 

 

 

 

Must Read