जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, 16 नवम्बर से शुरू होगी स्व-गणना
30 नवम्बर तक पोर्टल पर ऑनलाइन भर सकेंगे परिवार का ब्योरा
डीएम ने मीडिया से की प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुज मलिक ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना की तैयारियों, निर्धारित समय-सारिणी और स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दिया। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को जागरूक करने की अपील किया। प्रेसवार्ता की शुरुआत में जिलाधिकारी सहित उपस्थित पत्रकारों ने वरिष्ठ पत्रकार शोभित पांडेय के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित किया। डीएम ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जनगणना प्रभारी सुजीत कुमार, जनगणना सहायक अभय चौधरी, सूचना अधिकारी सुरेश सरोज सहित जनपद के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
16 से 30 नवम्बर तक होगी स्व-गणना
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों की गणना और उनका चिन्हांकन किया गया था। अब दूसरे चरण में प्रत्येक परिवार और व्यक्ति की वास्तविक जनसंख्या गणना की जाएगी। यह चरण 16 नवंबर से शुरू होगा। इसके तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को स्वयं अपने और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए नागरिक जनगणना के स्व-गणना पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना विवरण भर सकते हैं।
ऐसे पूरी करें स्व-गणना की प्रक्रिया
स्व-गणना के लिए पोर्टल पर जाकर सबसे पहले राज्य का चयन और कैप्चा भरना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी से सत्यापन करना होगा। अपनी पसंदीदा भाषा चुनने के बाद डिजिटल नक्शे पर घर का सही स्थान और नजदीकी लैंडमार्क चिह्नित करना होगा। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित जानकारी और प्रश्नावली भरकर फॉर्म सबमिट करना होगा। फॉर्म जमा होने के बाद 11 अंकों की एसई आईडी (SE ID) प्राप्त होगी। इसे सुरक्षित रखना होगा। जब जनगणना प्रगणक घर पहुंचेगा तो उसे यह आईडी दिखानी होगी। डीएम ने बताया कि स्व-गणना की प्रश्नावली में पहचान, शिक्षा, भाषा, रोजगार और जन्म सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 40 प्रश्न शामिल हैं।
सटीक जानकारी देने में करें सहयोग
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसकी सफलता प्रत्येक नागरिक की सहभागिता पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों से स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील करते हुये कहा कि आमजन जागरूक होंगे तो प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी मिल सकेगी तथा जनगणना में कोई भी नागरिक छूटने नहीं पाएगा।











