करोड़ों के जेवरात चोरी का महाराष्ट्र तक पीछा, एक गिरफ्तार, 1.40 लाख बरामद
बैंक खातों में जमा 17.06 लाख फ्रीज, स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने की संयुक्त कार्यवाही

तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
मऊरानीपुर, झांसी। स्थानीय बस स्टैंड पर सराफा कारोबारी के जेवरात और नकदी से भरे दो बैग चोरी होने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक आरोपी अमोल मारुति पिटेकर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1.40 लाख नकद और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं जबकि चोरी की रकम में से विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित 17.06 लाख फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस के मुताबिक 28 अक्टूबर को सराफा कारोबारी गुरकीरत सिंह छतरपुर से बस द्वारा झांसी आ रहे थे। शाम करीब 5:40 बजे मऊरानीपुर बस स्टैंड पर बस रुकते ही बदमाश भीड़ का फायदा उठाकर जेवरात और 15 लाख नकदी से भरे दो बैग लेकर फरार हो गए थे। बैगों में करीब 3152 ग्राम सोना और 200 ग्राम शुद्ध सोना समेत कुल 6937 ग्राम जेवरात थे। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच करते हुए पुलिस टीम महाराष्ट्र के कर्जत पहुंची और मुखबिर की सूचना पर तहसील परिसर से अमोल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने पिता और अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाने तथा मोबाइल और गूगल मैप के जरिए उनकी मदद करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार चोरी की रकम में से आरोपी ने अपने और अन्य लोगों के बैंक खातों में लाखों रुपये जमा कराए थे। तीन बैंक खातों में कुल 17.06 लाख की धनराशि फ्रीज कराई गई है। आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बीएनएस की अन्य धाराओं की बढ़ोतरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सोलंकी, स्वाट प्रभारी निरीक्षक विनय दिवाकर सहित मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और महाराष्ट्र पुलिस की टीम शामिल रही।










