ग्रामीण हाट बाजार से लोगों को अपने ही गांव के पास बाजार की मिलेगी सुविधा: मंत्री
वीबी जी राम जी योजना में मंत्री ने दो योजनाओं का किया शिलान्यास
तेजस टूडे ब्यूरो
सिद्धार्थ सुमन
पूर्वी चम्पारण, बिहार। ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने शुक्रवार को पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में वीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत कायाकल्प अभियान के तहत दो योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें रामगढ़वा प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रांगण में मिट्टी भराई एवं पेबर ब्लॉक कार्य और पीएचसी रामगढ़वा के चारदीवारी निर्माण कार्य शामिल है।
कार्यक्रम के बाद मंत्री जी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के परिसर को सुंदर और सुरक्षित बनाने से मरीजों और आम लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। मंत्री रक्सौल प्रखंड के लक्ष्मीपुर लक्ष्मणवां पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। आज 50 लाख रुपये से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। बिहार में सबसे अधिक कुल 27 ग्रामीण हाट बाजार का कार्य जिले में हो रहा है जिनसे ग्रामीणों को अपने ही गांव के पास बाजार की सुविधा मिलेगी और छोटे दुकानदारों, किसानों और महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि जिले में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल बनाने के उद्देश्य से कायाकल्प अभियान के तहत कुल 649 योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनमें गांवों में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण, स्कूल की चारदीवारी, शौचालय, किचन शेड, अतिरिक्त कक्षा का निर्माण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जयसवाल, सुगौली विधानसभा के विधायक राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, विधान परिषद सदस्य खालिद अनवर, पश्चिम चंपारण के उपविकास आयुक्त, रक्सौल के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जदयू जिलाध्यक्ष भरत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय, लक्ष्मीपुर पंचायत की मुखिया शायला देवी, पूर्व मुखिया अजय पटेल, रामगढ़वा प्रखंड की प्रमुख रीता देवी, उपप्रमुख अरविन्द पांडेय, मुखिया देवानन्द प्रसाद, युवा जदयू नेता सन्नी पटेल मौजूद थे।











