शहर के प्रमुख जलाशयों से लेकर गोपाष्टमी जुलूस मार्ग तक विशेष सफाई की मांग
17 नवम्बर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
तेजस टूडे ब्यूरो
दिनेश तिवारी
रोहतास, बिहार। छठ महापर्व और गोपाष्टमी पूजा को लेकर नगर पूजा समिति ने नगर निगम प्रशासन से शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई है। समिति ने शहर के प्रमुख तालाबों, जलाशयों, नहरों, छठ घाटों, गलियों और पूजा मार्गों की विशेष सफाई कराने के लिए मांग-पत्र सौंपा है। समिति ने स्पष्ट कहा कि पर्व से पहले सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। समिति ने छठ महापर्व के मद्देनजर शहर के सभी प्रमुख तालाबों एवं जलाशयों की साफ-सफाई को प्राथमिकता देने की मांग किया है। इनमें दुर्गाकुंड (फजलगंज), शिवघाट मंदिर, बालडीहा तालाब (चलनियां), नयका तालाब (कादिरगंज), सागर तालाब (गौशाला के पूरब), सुखी साह तालाब (बौलिया), सूर्य मंदिर तालाब (बेडा), बेदा डंग नहर, जलेश्वर नाथ तालाब, खैरही तालाब, हथिया कुआं के समीप स्थित तालाब, औंधड़वा तालाब, फजलगंज नहर, मुरादाबाद नहर, तकिया नहर, कुराइच-लालगंज-महदीगंज नहर, त्रिनेत्र गुफा तालाब (नकटा हिल), अमरा तालाब और मां ताराचंडी धाम तालाब सहित अन्य जलाशय शामिल हैं।
गोपाष्टमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा
17 नवंबर को आयोजित होने वाली गोपाष्टमी पूजा को लेकर भी समिति ने विशेष तैयारियों की मांग किया है। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण और गोमाता की झांकी, सिंहासन एवं प्रतिमाओं के साथ जुलूस निकालेंगे। बाजे-गाजे और अखाड़ा प्रदर्शन के बीच नगर भ्रमण करते हुए श्रद्धालु गौशाला पहुंचेंगे। इसको लेकर समिति ने गौशाला से सागर, आलमगंज, चौक, मदर दरवाजा, नवरतन बाजार, जानी बाजार, बस्ती मोड़, बारादरी, मानस रोड, थाना, किला, दलेलगंज, मुबारकगंज और खिड़की घाट होते हुए पुनः नवरतन बाजार तक जाने वाले जुलूस मार्ग की विशेष सफाई कराने की मांग किया है।
पर्व से पहले सफाई सुनिश्चित करें निगम
नगर पूजा समिति ने नगर निगम प्रशासन से मांग किया कि छठ महापर्व एवं गोपाष्टमी से पहले सभी चिह्नित तालाबों, घाटों और जुलूस मार्गों की सफाई, कचरा उठाव तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं। समिति का कहना है कि समय रहते सफाई कार्य पूरा होने से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में सुविधा मिलेगी और शहर में पर्व का माहौल भी स्वच्छ एवं व्यवस्थित रहेगा।











