कृष्णा नगर की अवैध प्लाटिंग पर कार्यवाही कब? भू-माफिया बेखौफ, अधिकारी मौन!
तेजस टूडे ब्यूरो
पहाड़ी, चित्रकूट। स्थानीय कस्बे में स्थित कृष्णा नगर आवासीय एवं व्यावसायिक कॉलोनी का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। आरोप है कि इस कॉलोनी में बिना ले-आउट स्वीकृति, बिना नक्शा पास कराए बड़े पैमाने पर प्लाटिंग की गई है। दिसंबर 2025 में प्रकाशित समाचारों में भी कृष्णा नगर को बिना नक्शा स्वीकृत कराए प्लाटिंग के मामलों में चिन्हित किए जाने तथा नोटिस जारी होने का उल्लेख किया गया था। इसके बावजूद आज तक धरातल पर ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी।
सवाल यही है, आखिर कार्यवाही कब होगी?, नोटिस जारी हुआ, फिर फाइल ठण्डे बस्ते में क्यों?
स्थानीय लोगों का कहना है कि नोटिस तो जारी हो गया लेकिन उसके बाद प्लाटिंग, बाउंड्री, निर्माण और बिक्री का खेल जारी रहा। अगर नोटिस के बाद भी काम रुका नहीं तो नोटिस का डर किसको है?
जनता पूछ रही है
ले-आउट स्वीकृत है या नहीं, ये सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा? बिना स्वीकृति के प्लाट काटे गए तो अब तक ध्वस्तीकरण /सीलिंग क्यों नहीं हुई जिन लोगों ने मेहनत की कमाई लगाकर प्लाट लिए, उनका क्या होगा? उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है?
भू-माफिया में हड़कम्प मचाने वाली मांग
जनता और जागरूक नागरिकों की मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अगर जांच में अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कठोर कार्रवाई हो, चाहे वह कितना भी बड़ा क्यों न हो।
जांच के 5 बड़े बिन्दु
भूमि की जांच: कृष्णा नगर की जमीन किस श्रेणी की है? कृषि, आबादी या अन्य? राजस्व अभिलेख क्या कहते हैं? ले-आउट स्वीकृति: चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण से ले-आउट पास है या नहीं? अगर नहीं तो प्लाटिंग कैसे हुई? प्लाट बिक्री: अब तक कितने प्लाट बेचे गए? किस-किस को बेचे गए? बैनामा/एग्रीमेंट में क्या दिखाया गया? निर्माण: बिना नक्शा पास कराए कितने मकान/दुकान बन रहे हैं? उन्हें अनुमति किसने दी? मिलीभगत: क्या बिना अधिकारियों की मिलीभगत के इतनी बड़ी कॉलोनी बस सकती है? जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्यवाही कब?
जिलाधिकारी से जनता की उम्मीद
चित्रकूट को तेज—तर्रार जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के रूप में एक उम्मीद मिली है। जनता को भरोसा है कि वह इस मामले को भी गंभीरता से लेंगे और भू-माफिया के दबाव में नहीं आएंगे।
मांग: डीएम खुद इस प्रकरण का संज्ञान लें
चित्रकूट विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण की टीम मौके पर जांच करें। पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाय। दोषी पाए जाने पर FIR, ध्वस्तीकरण और जुर्माने की कार्रवाई हो भोले-भाले खरीदारों को ठगी से बचाने के लिए प्रशासन जागरूकता अभियान चलायें।
चेतावनी: अब जनता चुप नहीं बैठेगी
अगर अब भी कार्रवाई नहीं हुई तो जनता समझेगी कि भू-माफिया को अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। पहाड़ी की जनता अब कागजी नोटिस से संतुष्ट नहीं होगी, उसे जमीन पर कार्रवाई चाहिए। कृष्णा नगर का मामला सिर्फ एक कॉलोनी का नहीं है, ये चित्रकूट में अवैध प्लाटिंग के पूरे खेल का टेस्ट केस है। अगर यहां कार्रवाई हुई तो जिले के हर भू-माफिया में हड़कंप मच जाएगा।











