HomeTrendingसड़क सुरक्षा के लिये चलेगा जागरूकता अभियान यातायात माह शुरू

सड़क सुरक्षा के लिये चलेगा जागरूकता अभियान यातायात माह शुरू

  • सड़क सुरक्षा के लिये चलेगा जागरूकता अभियान यातायात माह शुरू

तेजस टूडे ब्यूरो
अमित त्रिवेदी
हरदोई। हरदोई में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नवंबर 2026 यातायात माह शुरू हुआ। डीएम और एसपी ने जागरूकता रैली रवाना की जिसमें विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स और पुलिसकर्मी शामिल हुए। अभियान के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और सड़क संकेतों के पालन का संदेश दिया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी होगी।
यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन से जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक अशोक मीना ने यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स और पुलिसकर्मियों ने भाग लेकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया तो वहीं डीएम ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन न केवल स्वयं की सुरक्षा, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है वाहन चलाते समय सावधानी, संयम और जिम्मेदारी बरतकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वालों से आईएसआई प्रमाणित हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहनों में चालक सहित सभी सवारियों से सीट बेल्ट लगाने की अपील किया।
उन्होंने कहा कि निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और जल्दबाजी में लापरवाही से वाहन न चलाएं। यातायात पुलिस ने लोगों को चौराहों और तिराहों पर यातायात संकेतों का पालन करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने, ओवरलोडिंग से बचने तथा बाइक से स्टंट नहीं करने के प्रति भी जागरूक किया। साथ ही प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग नहीं करने की अपील की गई। पैदल राहगीरों को सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करने और सावधानी बरतने का संदेश दिया गया। यातायात माह के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यातायात पुलिस और थाना पुलिस संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम चलाएगी। इनमें वाहन चालकों, विद्यार्थियों और आमजन को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान, क्षेत्राधिकारी बघौली प्रभा पटेल, शहर कोतवाल संजय त्यागी, यातायात निरीक्षक प्रमोद यादव, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य दर्जनों पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

 

 

 

 

Must Read