6 बार जनता दरबार गये, फिर भी नहीं मिला न्याय
पीड़ित और पुलिस हुये आमने-सामने तो खुली पोल
अजय जायसवाल
गोरखपुर। पुलिस मुख्यमंत्री के जनता दरबार में आने वाली शिकायतों पर भी कार्रवाई नहीं करती। इसकी वजह से एक ही मामला जनता दरबार में 6-6 बार पहुंच रहा है। इसको देखते हुए एडीजी अखिल कुमार ने गुरुवार को पीड़ित और पुलिस को आमने-सामने बैठा दिया। इसके लिए एनेक्सी भवन में असंतुष्ट फरियादी और संबंधित पुलिस अधिकारियों को बुलाया गया। यहां पुलिस की लापरवाही को देख वहां मौजूद एडीजी और एसपी भी दंग रह गए। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस को मामलों में वार्निंग देते हुए तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिये।
113 असंतुष्ट फरियादियों ने बताया अपना दर्द
इस दौरान यहां 113 असंतुष्ट मामले पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा असंतुष्ट 57 मामले गोरखपुर उत्तरी क्षेत्र के पहुंचे जबकि दक्षिणी क्षेत्र के 23 मामले पहुंचे। शहरी इलाके के भी 33 मामलों में पीड़ित पुलिस से असंतुष्ट दिखे।
सीएम की फटकार के बाद अलर्ट हुये अधिकारी
जनता दरबार में काफी भीड़ और सबसे ज्यादा पुलिस की शिकायत देख सीएम ने कई बार नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि छोटे-छोटे मामले यहां आ रहे हैं। इससे साफ है कि पुलिस थानों पर पीड़ितों की सुनवाई नहीं होती। कई मामलों में पुलिस की लापरवाही की पोल खुलने के बाद अब बड़े अधिकारी इसे लेकर सतर्क हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।




















