सभी बच्चों का वजन व गृह भ्रमण नियमानुसार कराया जाय: डीएम
रंजीत सिंह
उरई, जालौन। जिलाधिकारी राजेश पांडेय की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति/कन्वर्जेंस विभाग व आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र की कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पोषण ट्रैकर पर फीडिंग, एनआरसी में बच्चों का संदर्भन, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, अधिकारियों द्वारा गोद लिए आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण एवं तीव्र अतिकुपोषित (सैम) बच्चों को दुधारु गाय उपलब्ध कराने के विषय पर विस्तृत दिशानिर्देश दिए। उन्होंने समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बच्चों का वजन तथा गृह भ्रमण नियमानुसार कराया जाए तथा फीडिंग ससमय पोषण ट्रैकर पर कराई जाए। तीव्र अतिकुपोषित (सैम) बच्चों एनआरसी में भर्ती कराया जाए। बाल विकास परियोजना अधिकारी कोंच एवं माधौगढ़ की फीडिंग प्रगति सबसे खराब होने पर चेतावनी दी गई। समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर अनुपूरक पुष्टाहार, वजन, टीकाकरण एवं लाभार्थी पंजिकाएं वास्तविक व अद्यतन हो तथा आंगनबाड़ी केंद्र नियमानुसार संचालित होने चाहिए। आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण की स्थिति की समीक्षा के दौरान समस्त खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि निर्धारित समयाविधि में सभी आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाना चाहिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा हाट कुक्ड मील योजना पुन: क्रियान्वित की जा रही है जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकृत तीन से छह वर्ष आयु के बच्चों को प्रतिदिन गर्म पौष्टिक भोजन दिया जाएगा। इस अवसर पर डीएफओ जय नारायण तिवारी, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र त्रिपाठी, उपायुक्त मनरेगा अवधेश दीक्षित, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी इफ्तिखार अहमद सहित तमाम संबंधित मौजूद रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















