इण्डियन बैंक के एमडी एवं सीईओ का लखनऊ दौरा
यूपी के विकास में बैंक की भूमिका पर दिया जोर
तेजस टूडे ब्यूरो
आरएल पाण्डेय
लखनऊ। इंडियन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी बिनोद कुमार ने 29 से 31 अक्टूबर तक लखनऊ दौरे के दौरान मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों एवं मुख्य सचिव से मुलाकात करके प्रदेश के आर्थिक विकास में बैंक की भूमिका पर चर्चा किया। इस दौरान उन्होंने ‘द इकोनॉमिक टाइम्स विजन कॉन्क्लेव–विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ में भाग लिया। साथ ही वृंदावन योजना लखनऊ शाखा का उद्घाटन और क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालय के नवीनीकृत परिसर का लोकार्पण किया। बैंक की ओर से बलरामपुर के तुलसीपुर में सीजीबी संयंत्र के लिए 63.23 लाख रुपये, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग को ब्लड बैग खरीदने के लिए 19 लाख रुपये तथा केजीएमयू के जरूरतमंद विद्यार्थियों की फीस के लिए 49.50 लाख रुपये की सीएसआर सहायता प्रदान की गई। मीडिया से बातचीत में बिनोद कुमार ने डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय समावेशन, एमएसएमई, कृषि एवं उद्यमियों को ऋण सहायता देने की बैंक की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में टाउन हॉल बैठक कर कर्मचारियों के साथ भविष्य की कार्ययोजना भी साझा की। इस अवसर पर क्षेत्र महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता, लखनऊ अंचल प्रबंधक पंकज सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।











