पोस्टर फाड़ने की घटना से भड़का वैश्य समाज, दीपक गुप्ता के समर्थन में लामबन्दी के संकेत
तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। शहर में दीपक गुप्ता के प्रचार-प्रसार के लिए लगाए गए पोस्टरों को अराजक तत्वों द्वारा फाड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद वैश्य समाज के लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। समाज के लोगों ने पोस्टर फाड़ने की घटना को निंदनीय बताते हुए इसके पीछे की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं।
वैश्य समाज के लोगों का कहना है कि सदर विधानसभा में प्रत्याशी मैदान में उतारने की चर्चा के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। दीपक गुप्ता का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मची हुई है। समाज के लोगों का आरोप है कि इसी संभावित राजनीतिक चुनौती को देखते हुए शहर में लगाए गए पोस्टरों को निशाना बनाया जा रहा है। समाज के लोगों ने यह भी दावा किया कि दीपक गुप्ता को वैश्य समाजों का समर्थन मिल रहा है और विभिन्न समाजों के लोगों ने उनके पक्ष में एकजुटता दिखाने की बात कही है।
लोगों का कहना है कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और प्रचार-प्रसार करने का अधिकार है। यदि किसी को किसी प्रत्याशी या संभावित उम्मीदवार से आपत्ति है तो उसे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए, न कि पोस्टर फाड़कर विरोध जताना चाहिए। वैश्य समाज के लोगों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पोस्टर फाड़ने वालों की पहचान कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग किया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है?











