HomeJaunpurJaunpur News: चौकिया मण्डी के गेट पर फुटकर दुकानें एवं ठेले से...

Jaunpur News: चौकिया मण्डी के गेट पर फुटकर दुकानें एवं ठेले से आढ़तियों में भारी रोष

  • चौकिया मण्डी के गेट पर फुटकर दुकानें एवं ठेले से आढ़तियों में भारी रोष

  • जाम से फंसी माल लदीं गाड़ियां, रोजाना लाखों का हुआ नुकसान

तेजस टूडे सं.
बिपिन सैनी/अजीत सोनी
जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम स्थित सब्जी मंडी के मुख्य गेट पर फुटकर दुकानें और ठेला लगने से मंडी के अंदर बैठे आढ़तियों में भारी रोष व्याप्त है। गेट पर ही ग्राहक रुक जाने से अंदर तक माल लेने कोई नहीं पहुंच रहा। इससे रोजाना लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। सब्जी फल व्यापार संघ के अध्यक्ष सुरेश सोनकर ने बताया कि गेट पर जाम होने की वजह से न सामान से लदी गाड़ी अंदर जा पा रही है और न ही बाहर आ पा रही है जिसके वजह से रोजाना लाखों का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि सुबह से ही गेट पर ठेला और फुटकर दुकानें लग जाती हैं जिससे मंडी का पूरा रास्ता बंद हो जाता है। किसान अपनी उपज लेकर घंटों जाम में फंसे रहते हैं। माल लादने-उतारने वाली गाड़ियां अंदर नहीं आ पातीं जिससे माल सड़ने और खराब होने का भी डर बना रहता है।

मना करने पर की हाथापाई
सब्जी फल व्यापार संघ के महामंत्री महेंद्र सोनकर ने बताया कि हमने लोगों को गेट पर दुकानें और ठेला लगाने के लिए मना किया तो लोगों ने हमसे हाथापाई कर लिया। संघ के लोग जब भी गेट खाली कराने जाते हैं तो ठेला लगाने वाले विवाद पर उतारू हो जाते हैं। गाली-गलौज और हाथापाई तक की नौबत आ जाती है। इससे संघ के पदाधिकारियों में भी भय का माहौल है।

इन आढ़तियों में है भारी रोष
मंडी के आढ़तियों नईम, शाहिद, कलीम, सुलई मौर्या, बब्लू मौर्या, पंधारी सोनकर, राजू राईन, राम आसरे मौर्य, देवी प्रसाद, कैलाशनाथ मौर्य, बल्लू सिंह, बब्बू सोनकर, नन्हे, अनवर, सफीक सहित सैकड़ों आढ़तियों में रोष व्याप्त है। आढ़तियों ने बताया कि मंडी के अंदर उन्होंने लाखों रुपये लगाकर दुकान, आढ़त, गोदाम और कर्मचारियों की व्यवस्था की है। मंडी शुल्क, किराया, बिजली और मजदूरी सब देना पड़ता है लेकिन गेट पर बैठे फुटकर विक्रेता बिना किसी शुल्क और खर्च के ही माल बेच रहे हैं, इसलिए वे ग्राहकों को गेट पर ही रोक लेते हैं।

आरोप: तथाकथित व्यापार मण्डल के लोगों का संरक्षण
आढ़तियों का आरोप है कि कुछ तथाकथित व्यापार मंडल के लोगों का इन ठेला और फुटकर दुकानदारों को संरक्षण प्राप्त है जिससे उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। इसी वजह से मना करने के बाद भी ये लोग गेट से हटने को तैयार नहीं हैं और संघ के लोगों से हाथापाई तक कर लेते हैं।

प्रशासन से की यह मांग
सब्जी फल व्यापार संघ ने जिला प्रशासन और मंडी प्रशासन से मांग किया कि मंडी गेट के सामने से सभी फुटकर दुकानें और ठेले तुरंत हटवाए जाएं। गेट पर जाम लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। हाथापाई करने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाए। मंडी में आने-जाने का रास्ता स्थाई रूप से खाली कराया जाए। संरक्षण देने वालों की भी जांच कराई जाए। संघ ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आढ़ती मजबूर होकर धरना-प्रदर्शन और मंडी बंद करने जैसा कदम उठायेंगे।

 

 

 

 

Must Read