एसडीएम व सीओ की देख—रेख में हुआ छठ महोत्सव
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। डाला छठ का पर्व पूरे जनपद में हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जा रहा है। तहसील प्रशासन द्वारा तहसील के सभी घाटों पर साफ-सफाई, बिजली व सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है जिससे व्रती माताओं-बहनों को पूजा में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
छठ पूजा के पहले दिन शाम को व्रती महिलाओं ने सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना शुरू किया। ऐतिहासिक तालाबों के चारों तरफ महिलाओं ने एक दिन का व्रत रखकर छठी मैया से अपने व पूरे परिवार की मनोकामना पूर्ण होने की आराधना किया।
स्थानीय राम जानकी मंदिर तालाब पर छठ पूजा महोत्सव का आयोजन बड़े धूमधाम से चल रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा, क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा, कोतवाल दिनेश सिंह सहित तहसील के आला अधिकारी महोत्सव को सफल बनाने में लगे रहे। बताया जाता है कि छठ पूजा की तैयारी को लेकर नगर पालिका परिषद शाहगंज के वरिष्ठ सभासद छेदी लाल वर्मा ने कुछ दिन पहले ज्ञापन देकर छठ पूजा महोत्सव को सफल कराने का निवेदन किया था। उनके निवेदन पर अधिकारियों ने विशेष रूप से सफाई, बिजली आदि समस्याओं का निस्तारण कराते हुए महोत्सव संपन्न कराने में जुटे हैं।
राम जानकी मंदिर तालाब पर छठ पूजा महोत्सव कई वर्षों से महंत धीरज जी व पुजारी बालक दास जी द्वारा व नगर पालिका परिषद की सम्मानित जनता के सहयोग से संपन्न कराया जाता है। ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों के बीच श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देर शाम तक घाट पर उमड़ी रही। शांति, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन एवं आयोजन समिति के सदस्य पूरी तरह सक्रिय रहे जिससे यह धार्मिक आयोजन अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।












