HomeTrendingचोरी के दो मामलों का हुआ खुलासा, 80 लाख के जेवर बरामद

चोरी के दो मामलों का हुआ खुलासा, 80 लाख के जेवर बरामद

  • चोरी के दो मामलों का हुआ खुलासा, 80 लाख के जेवर बरामद

तेजस टूडे ब्यूरो
रूपा गोयल
बांदा। चोरी की दो बड़ी घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए करीब 80 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि उसके साथ शामिल एक बाल अपचारी बालिका को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों ने अलग-अलग समय पर दो पड़ोसियों के मकानों को निशाना बनाया था। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक डा. शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी अतर्रा अमरनाथ गुप्ता के नेतृत्व में थाना अतर्रा पुलिस ने यह कार्रवाई की। बजरंगनगर निवासी रोहित ने 13 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह अज्ञात चोरों ने उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही यक्ष ऐप और अन्य तकनीकी माध्यमों से जुटाए गए साक्ष्यों का मिलान किया गया। जांच के दौरान फुटेज में एक लड़की हाथ में थैला लेकर घटनास्थल के आस—पास जाती दिखाई दी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान करते हुए पुलिस ने 15 नवंबर को सत्येन्द्र उर्फ सत्यम उर्फ लकी को गिरफ्तार कर लिया और बाल अपचारी बालिका को पुलिस संरक्षण में लिया। पूछताछ में बालिका ने सत्येन्द्र के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक दोनों ने 18 जुलाई 2026 को अपने पड़ोसी रूपम के घर में भी चोरी की थी।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवराज ने बताया कि थाना अतर्रा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरी की दोनों घटनाओं का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से करीब 80 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है जबकि बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार मुकदमा संख्या 388/26 में सोने की चेन, मंगलसूत्र, हार, अंगूठियां, चूड़ियां, कान के आभूषण, माथ बेंदी, चांदी की पायल और बिछिया समेत बड़ी मात्रा में जेवर बरामद हुए। वहीं मुकदमा संख्या 273/26 में भी सोने की चूड़ियां, हार, मंगलसूत्र, नथुनी, चेन, अंगूठियां, चांदी की पायल, पैजेब, बिछिया, सिक्का और बच्चों के कड़े बरामद किए गए हैं। मामले में थाना अतर्रा पर धारा 305/307(4) बीएनएस और धारा 305(।)/307(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण सिंह, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप, कांस्टेबल रविन्द्र श्रीवास, कांस्टेबल राहुल और महिला कांस्टेबल शिवानी सिंह शामिल रहीं।

 

 

 

 

Must Read