फसल अवशेष प्रबन्धन पर दो दिवसीय किसान मेला आयोजित
निलेश त्रिपाठी
मिर्ज़ामुराद, वाराणसी। स्थानीय क्षेत्र के कल्लीपुर स्थित कृषि विज्ञानं केंद्र पर शुक्रवार को दो दिवसीय किसान मेले व कृषि उद्योग प्रदर्शनी का समापन हुआ। अंतिम दिवस के कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या व विशिष्ट अतिथि बीजेपी जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा विनीता सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन करने के साथ हुआ। मुख्य अतिथि ने कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विगत 1 दशकों से खेती में खेतिहर मजदूरों की कमी से मशीनों का प्रयोग बढ़ गया है। ऐसे में कटाई के लिए कंबाइन हार्वेस्टर का प्रचलन बहुत तेजी से बढ़ गया है जिसकी वजह से भारी मात्रा में फसल अवशेष खेत में पड़ा रहता है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्राकृतिक व जैविक खेती के लाभों को बताते हुए किसानों को प्राकृतिक व जैविक खेती करने के लिए प्रेरित किया।
केंद्र के अध्यक्ष व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ नरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि पिछले माह प्राकृतिक खेती की पाठशाला का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा हुआ। इसके बाद से अबतक लगभग 500 से अधिक किसानों को जागरूक किया जा चुका है।
फसल अवशेष व जैविक/प्राकृतिक खेती पर चर्चा करते हुए बताया कि अवशेषों के जलने से ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को बल मिलता है, फसल अवशेष जलाने से ग्रीन हाउस प्रभाव पैदा करने वाली व अन्य हानिकारक गैसें जैसे कार्बन मोनोऑक्साइड, आदि का उत्सर्जन होता है जिससे पर्यावरण को हानि होती है।
फलस्वरुप मनुष्य, पशु के साथ मृदा पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है जिससे पैदावार कम होती है। इससे बचने के लिए फसल अवशेषों को जलाने के बजाय वापस भूमि में मिला दिया जाना चाहिए जिससे कंपोस्ट का निर्माण हो मृदा के कार्बनिक पदार्थों की मात्रा में वृद्धि हो। इस दौरान क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें सही जवाब देने वाले दस किसान व छात्रों जिला पंचायत अध्यक्ष के हाथों पुरस्कृत किया गया।
इसके अतिरिक्त जनपद के 20 किसानों को वेस्ट डी कंपोजर व माल्यार्पण पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्राध्यापक डॉ एसपी सिंह, पूर्व अधिष्ठाता बीएचयू डॉ कल्याण सिंह व डॉ पीके सिंह आदि लोगों ने अपने विचारों को रखा। कार्यक्रम में कुल 500 से अधिक किसान एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











