फसल रोगों की पहचान से लेकर बचाव तक का मिलेगा प्रशिक्षण
20 नवम्बर से शुरू होगा पाठ्यक्रम
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। फसलों को रोगों से बचाने और किसानों को आधुनिक तकनीकों से दक्ष बनाने के लिए रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय झाँसी तीन माह का प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। कृषि महाविद्यालय के पादप रोग विभाग की ओर से आयोजित इस पाठ्यक्रम का शुभारंभ 20 नवंबर से होगा। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशान्त जाम्भूलकर के अनुसार पाठ्यक्रम में प्रतिभागियों को फसल रोगों की पहचान, रोकथाम और प्रभावी प्रबंधन का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें जैविक, रासायनिक एवं शस्य विधियों से रोग नियंत्रण, बीज व भूमि उपचार तथा पौधों को रोगमुक्त रखने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी। प्रतिभागियों को रोगों की पहचान के लिए विशेष मार्गदर्शिका भी प्रदान की जाएगी। पाठ्यक्रम के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित है। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 200 रुपये और एससी-एसटी अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये है जबकि पूरे पाठ्यक्रम का शुल्क 5,000 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से आवेदन फॉर्म एवं विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए [email protected] पर सम्पर्क किया जा सकता है।











