साइबर ठगी के खिलाफ छात्रों ने छेड़ी जागरूकता की मुहिम
नुक्कड़ सभा करके बांटे पम्पलेट
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को लेकर आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से अल्लामा इकबाल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता अभियान चलाया। महिला महाविद्यालय के सामने आयोजित नुक्कड़ सभा के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ सभा के जरिए लोगों को बताया कि ऑनलाइन लेनदेन करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। विद्यार्थियों ने पम्पलेट वितरित कर साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं। साथ ही लोगों से साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद अब्दुल्लाह ने साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता को वर्तमान समय की बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि सतर्कता और सही जानकारी से ऑनलाइन ठगी से बचा जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने भी लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।छात्र-छात्राओं ने आमजन से स्वयं जागरूक रहने के साथ ही अपने परिवार सहित आस—पास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने का संदेश दिया।











