HomeTrendingदूध उत्पादन से ब्राण्ड निर्माण तक, बुंदेलखण्ड की महिलाओं ने रचा नया...

दूध उत्पादन से ब्राण्ड निर्माण तक, बुंदेलखण्ड की महिलाओं ने रचा नया इतिहास

  • दूध उत्पादन से ब्राण्ड निर्माण तक, बुंदेलखण्ड की महिलाओं ने रचा नया इतिहास

तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। बुंदेलखंड की महिला दुग्ध उत्पादक किसानों ने आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महिला किसानों के स्वामित्व वाली बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने रविवार को अपने पैकेज्ड मिल्क ब्रांड ‘बलिनी मिल्क’ का भव्य शुभारंभ किया। झांसी स्थित कंपनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. ओ.पी. सिंह और महिला दुग्ध उत्पादक किसानों ने संयुक्त रूप से पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के बाद नए उत्पादों को बाजार में उतारा। बलिनी की इस नई पहल के तहत उपभोक्ताओं को तीन श्रेणियों में दूध उपलब्ध होगा। इनमें फुल क्रीम मिल्क (बलिनी गोल्ड), टोंड मिल्क और डबल टोंड मिल्क शामिल हैं। शुरुआत में ये उत्पाद झांसी नगर में उपलब्ध होंगे, जिसके बाद ललितपुर, दतिया और ग्वालियर तक इनका विस्तार किया जाएगा। कंपनी का घी और पनीर पहले से ही बाजार में उपलब्ध है।
गौरतलब है कि 7 दिसंबर 2019 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी में बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य बुंदेलखंड की महिला दुग्ध उत्पादकों को संगठित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और डेयरी व्यवसाय में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। डॉ. ओ.पी. सिंह ने कहा कि पैकेज्ड मिल्क की शुरुआत बलिनी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। कंपनी का लक्ष्य उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और शुद्ध दूध उपलब्ध कराने के साथ महिला किसानों को बेहतर बाजार और आर्थिक अवसर प्रदान करना है। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महिला दुग्ध उत्पादकों द्वारा स्वयं अपने उत्पाद का शुभारंभ करना रहा। यह पहल इस बात का प्रमाण बनी कि बुंदेलखंड की महिलाएं अब केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं, बल्कि ब्रांड निर्माण और बाजार विस्तार में भी अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।

 

 

 

 

Must Read