होली मिलन समारोह में गूंजे पारम्परिक फगुआ गीत
फूलों की होली से भाईचारे का दिया संदेश

तेजस टूडे ब्यूरो
शीतला प्रसाद
मुम्बई। होली के उपलक्ष्य में कांग्रेस उत्तर भारतीय प्रकोष्ठ मुंबई के अध्यक्ष एड. अवनीश सिंह की ओर से जोगेश्वरी (पश्चिम) के राघवेंद्र मंदिर रोड स्थित सिंह कंपाउंड में होली मिलन समारोह किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोगों ने में भाग लिया और फूलों की होली खेलकर आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। समारोह के दौरान गायक परम तिवारी ने अपने साथियों के साथ विलुप्त होती जा रही पारंपरिक होली गायकी चइता, बेलवारिया, बारहमासा, देढ़ताल, चौताल और फगुआ की शानदार प्रस्तुति दी जिसे कार्यक्रम में शामिल श्रोताओं ने खूब सराहा।
आयोजक एड. अवनीश सिंह ने कहा कि भारत विविधता में एकता का देश है, जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलकर होली का पर्व मनाते हैं। होली बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। हालांकि अच्छाई को विजयी होने में समय जरूर लगता है। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और विश्वास ही है जिसकी वजह से इतनी बड़ी संख्या में लोग इस समारोह में शामिल हुए हैं। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि समाज के हर अच्छे और रचनात्मक कार्य में उनकी ओर से लोगों को सहयोग और समर्थन हमेशा मिलता रहेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









