साप्ताहिक बाजार को लेकर व्यापारिक संगठनों ने जतायी सहमति
रविवार को लालगंज रोड एवं बुधवार को डलमऊ रोड पर बाजार लगाये जाने पर दी गयी सहमति
तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। पिछले कई महीनों से डलमऊ कस्बे की मुराई बाग क्षेत्र में लगने वाली शंकर नगर साप्ताहिक बाजार को लेकर चल रहे घमासान पर पटाक्षेप होने के आसार दिखाई पड़ने लगे हैं। बाजार के सुव्यवस्थित संचालन और स्थानीय व्यापारियों, सब्जी विक्रेताओं एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापार मंडलों ने संयुक्त रूप से सकारात्मक पहल की है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल इकाई डलमऊ, उद्योग व्यापार मंडल एवं प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल डलमऊ रायबरेली ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी को सहमति पत्र सौंपकर बाजार संचालन के लिए निर्धारित व्यवस्था लागू कराने की मांग किया है।
तीनों व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में सहमति जताते हुए रविवार को शंकर नगर साप्ताहिक बाजार मुराई बाग स्थित लालगंज रोड में पूर्व निर्धारित स्थान पर लगाए जाने तथा बुधवार को बाजार डलमऊ रोड, मुराई बाग पर लगाए जाने पर सहमत जताई है। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि इस व्यवस्था से स्थानीय व्यापारियों, सब्जी विक्रेताओं, छोटे दुकानदारों और आम नागरिकों को सहूलियत मिलेगी तथा बाजार का संचालन व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा। सभी व्यापार मंडल ने बाजार के दौरान यातायात व्यवस्था, आमजन के आवागमन, साफ-सफाई और जनसुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही है। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर भी सहमति जताई है।
व्यापारिक संगठनों ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों और नगर पंचायत डलमऊ को आवश्यक निर्देश दिए जाने की मांग किया है जिससे बाजार का संचालन नियमानुसार किया जा सके। हालांकि इस संबंध में अभी तक प्रशासनिक अनुमति नहीं मिली है। इस अवसर पर राम गोपाल वैश्य, दीप नारायण साहू, आशीष सोनी, अजीत श्रीवास्तव, पुष्पा साहू, सरिता यादव, प्रदीप त्रिवेदी, राघवेंद्र गुप्ता, नागेंद्र सोनकर, शिव मोहन, विनोद कुमार सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे ।













