HomeJaunpurJaunpur News: रोजगार मेले में तमाम शिक्षितों को मिला नियुक्ति पत्र

Jaunpur News: रोजगार मेले में तमाम शिक्षितों को मिला नियुक्ति पत्र

  • रोजगार मेले में तमाम शिक्षितों को मिला नियुक्ति पत्र

तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद के युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में बीआरपी इंटर कॉलेज के परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन हुआ जहां विभिन्न क्षेत्रों की उपस्थित कम्पनियों द्वारा शार्ट लिस्ट किये गये 11 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किया गया। रोजगार मेले में कुल 50 कम्पनियों में 3485 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग/साक्षात्कार दिया जिसमें से 1047 अभ्यर्थियों को शार्ट लिस्ट किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
राज्यमंत्री ने कहा कि युवा देश का भविष्य, सबसे बड़ी पूंजी और सबसे बड़ी ताकत हैं। देश के सामने जब भी संकट एवं विपरीत परिस्थितियां आई हैं, युवाओं ने अपनी प्रतिभा, क्षमता एवं परिश्रम से देश को मजबूती प्रदान की है। शासन की प्राथमिकता युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है। केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में बेहतर औद्योगिक वातावरण तैयार किया जा रहा है जिससे उद्योग, व्यापार एवं एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से रिकॉर्ड संख्या में नियुक्तियां की गई हैं तथा निजी क्षेत्र में भी युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़कर रोजगार के योग्य बनाया जा रहा है। युवाओं की प्रतिभा एवं कौशल को सही दिशा और अवसर प्रदान करने से विकास को नई गति मिलती है। इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से पूरी मेहनत, लगन एवं आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने बताया कि जनपद के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनकी शैक्षिक एवं व्यावसायिक योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने युवाओं से अपील किया कि वे रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद करें, अपनी योग्यता एवं कौशल का बेहतर प्रदर्शन करें और अपनी रुचि के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। युवाओं को प्राप्त होने वाले ऐसे अवसर उनके भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों सहित 50 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन एवं ट्रेनी सहित विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया संपन्न की गई। रोजगार मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं उत्तीर्ण, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, डिप्लोमा, ए0एन0एम0, जी0एन0एम0 एवं कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के साथ अकुशल श्रमिकों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। युवाओं ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर पहुंचकर अपनी शैक्षिक एवं व्यावसायिक योग्यता के अनुसार आवेदन किया तथा कंपनी प्रतिनिधियों के समक्ष साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग किया। राज्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र भी वितरित किया। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया। अन्त में जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

Must Read