HomeJaunpurJaunpur News: धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर हुई जिला शान्ति...

Jaunpur News: धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर हुई जिला शान्ति समिति की बैठक

  • धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को लेकर हुई जिला शान्ति समिति की बैठक

  • साफ-सफाई, सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिये गये निर्देश

तेजस टूडे ब्यूरो
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के दृष्टिगत जिला शांति समिति की बैठक की गई। जिलाधिकारी ने बैठक में त्योहारों की तैयारियों, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, यातायात सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग को प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं पैचिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिये। विद्युत विभाग को जर्जर तारों एवं खंभों को बदलने तथा त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगर पालिका एवं अन्य नगर निकायों के अधिकारियों को बाजारों, प्रमुख मार्गों, पूजा स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, नालियों की सफाई, कूड़ा उठान, जलनिकासी एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों का वेतन धनतेरस एवं दीपावली से पूर्व अनिवार्य रूप से आहरित करना सुनिश्चित करें, ताकि सभी कर्मचारी अपने परिवार के साथ त्योहार हर्षोल्लास से मना सकें। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को मिठाई सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने तथा मिलावटखोरी के विरुद्ध नियमित छापेमारी एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई करने के निर्देश दिये। अग्निशमन विभाग को बाजारों, दुकानों एवं पटाखों की बिक्री के निर्धारित स्थलों पर अग्नि सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को प्रमुख बाजारों, चौराहों, सर्राफा बाजारों एवं भीड़—भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। साथ ही कहा कि पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थलों पर ही कराई जाए तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। पटाखों की दुकानों पर निर्धारित दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए, ताकि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री न हो। प्रतिबंधित एवं अवैध पटाखों की बिक्री किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिये।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने जनपद वासियों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी अनजान नंबर से प्राप्त APK फाइल को डाउनलोड अथवा इंस्टॉल न करें तथा अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध संदेशों, लिंक एवं कॉल के प्रति सावधानी बरतें। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा बिना पुष्टि किए किसी भी संदेश को आगे साझा न करने की अपील किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील किया कि धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को पारंपरिक रीति-रिवाजों, आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं। सुरक्षा मानकों का पालन करें, अफवाहों से बचें तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, उपजिलाधिकारी सदर योगिता सिंह संबंधित विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि एवं जिला शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read