सुजानगंज पुलिस ने अन्तरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह के वांछित को किया गिरफ्तार
बिहार के छपरा का रहने वाला है आरोपी, मोबाइल बरामद
तेजस टूडे सं.
तरूण चौबे
सुजानगंज, जौनपुर। स्थानीय पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत शर्मा पुत्र जयमंगल शर्मा निवासी पश्चिमी रौजा, वार्ड नंबर 43, थाना नगर, छपरा (सारण) बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अंतरराज्यीय असलहा तस्करी गिरोह का सदस्य है और कथित तौर पर गिरोह के सरगना शुभम सिंह के लिए काम करता था। वह अपने सहयोगियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश और बिहार में अवैध असलहों एवं कारतूसों की आपूर्ति करता था। इस मामले में थाना सुजानगंज में मुकदमा अपराध संख्या 364/2026 के तहत बीएनएस और आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश सिंह के दिशा-निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी बदलापुर अजय राय के पर्यवेक्षण में की गई। थानाध्यक्ष अमित कुमार पाण्डेय की देखरेख में उपनिरीक्षक रामभवन यादव ने आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित पाण्डेय और उपनिरीक्षक रामभवन यादव शामिल रहे। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया।











