देश को सशक्त बनाने के लिए बचपन का सशक्त होना जरूरी: डीएम
दिव्यांग बच्चों के लिए अलग स्कूल बनाने की कार्ययोजना बनाई जा रही है: डीएम
अमित त्रिवेदी
हरदोई। आज राजकीय इण्टर कालेज, हरदोई के सभागार में मिशन शक्ति फेज-4 के अंतर्गत ‘‘हक की बात जिलाधिकारी के साथ‘‘ आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने एक दिव्यांग महिला पेंशनर तथा बच्चियां से दीप प्रज्जवलन कराकर एवं मां सरस्वती माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कराकर कार्यक्रम का शुभारम्भ कराया तथा दिव्यांग महिला पेंशनरों व बच्चियों के साथ विशेष वार्ता की। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने दिव्यांगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि सभी लोग इन योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। दिव्यांग बच्चियों व महिलाओं ने जिलाधिकारी के समक्ष अपने प्रश्न रखे जिलाधिकारी ने उनका जवाब दिया। उन्होंने अरुणिमा सिन्हा का उदाहरण देते हुए कहा कि एक पैर से दिव्यांग होने के बाद भी उन्होंने पर्वतारोहण के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किया। सभी दिव्यांगों को ऐसे लोगों से प्रेरणा लेनी चाहिए। एक नेत्र से दिव्यांग बच्ची के सवाल पर जिलाधिकारी ने बताया कि दिव्यांग बच्चों के लिए अलग स्कूल के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। उन्होंने बच्ची के पिता से कहा कि बच्ची की पढ़ाई में कोई कसर न छोड़ें। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे किसी से कम नही हैं। बच्चों को हीन भावना से ग्रस्त न होने दें। बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर दें। सौम्या द्विवेदी ने दिव्यांग बच्चियों के चहुमुखी विकास के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि देश को सशक्त बनाने के लिए बचपन का सशक्त होना जरूरी है। महिला कल्याण अधिकारी ने विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। इस अवसर पर जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी ऋचा गुप्ता, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज टीआर वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित भारी संख्या में दिव्यांग महिला पेंशनर एवं बच्चियां व उनके अभिभावक आदि उपस्थित रहें।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।



















