रिटायर होने में चार दिन थे बाकी, पीड़ित से रिश्वत लेते पकड़ा गया कानूनगो
अजय जायसवाल
प्रतापगढ़। सेवानिवृत्त होने के महज 4 दिन पहले कानूनगो को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित से पैमाइश के नाम पर छह हजार रुपये घूस लेते हुए एंटी करप्शन प्रयागराज की टीम ने दबोच लिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। कानूनगो की गिरफ्तारी से कर्मचारियों में खलबली मची है। कई कर्मचारी नेता उसकी मदद में कोतवाली पहुंच गये लेकिन बात नहीं बनी। मालूम हो कि मानधाता अकोढ़िया का रमाशंकर सिंह पट्टी सर्किल में कानूनगो के पद पर तैनात था। प्रगासपुर के निवासी उदय राज यादव ने इसके खिलाफ एंटी करप्शन में शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि वह अपनी जमीन पर घर बना रहा था तो प्रधान ने उसे बंजर बताते हुए काम करने से रोक दिया था। इस पर पैमाइश के लिए उदय राज तहसील का चक्कर लगाने लगे। यही नहीं, बंजर भूमि पर निर्माण की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की गई। इसी पोर्टल पर उदयराज के पक्ष में रिपोर्ट लगाने के बदले कानूनगो रमाशंकर की ओर से 6 हजार की घूस मांगी गई।आज-कल टरकाते हुए कानूनगो रमाशंकर उस पर पैसे का दबा बनाने लगे। इधर शुक्रवार को रिश्वत देने के लिए कानूनगो ने महुली मंडी के पास बुलाया। पहले से सतर्क एंटी करप्शन टीम ने इंस्पेक्टर अंजली यादव के नेतृत्व में वहां जाल बिछा दिया। जैसे ही उदयराज ने पैसा कानूनगो के हाथ में दिया, टीम ने उसे दबोच लिया।रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद टीम रमाशंकर को लेकर नगर कोतवाली चली आई। यहां पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद टीम प्रयागराज लौट गई। इंस्पेक्टर कोतवाली सत्येंद्र सिंह का कहना है कि केस दर्ज हो गया है। आरोपित पर कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम पट्टी देश दीपक ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है। एंटी करप्शन ने कार्रवाई की है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।


















