नारद मोह व रावण जन्म की लीला का हुआ सजीव मंचन
गोड़िला फाटक बाजार में रामलीला का भव्य शुभारम्भ
कलाकारों के शानदार अभिनय से भाव—विभोर हुये दर्शक
तेजस टूडे सं.
चन्दन अग्रहरि
शाहगंज, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के बीबीगंज चौकी क्षेत्र के गोड़िला फाटक बाजार में पारंपरिक रामलीला का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रेमचन्द्र यादव ने फीता काटकर रामलीला मंचन की शुरुवात किया। रामलीला के प्रथम दिन सर्वप्रथम भगवान भोलेनाथ की आरती उतारी गई। इसके पश्चात स्थानीय कलाकारों द्वारा ‘नारद मोह’, ‘रावण जन्म’ तथा ‘रावण-मंदोदरी विवाह’ के प्रसंगों का सजीव और भावपूर्ण मंचन किया गया।
मंचन के दौरान दिखाया गया कि कामदेव पर विजय प्राप्त करने के बाद देवर्षि नारद को अभिमान हो जाता है। उनका अहंकार तोड़ने के लिए भगवान विष्णु एक माया नगरी की रचना करते हैं। वहां के राजा शीलनिधि की पुत्री विश्वमोहिनी के रूप पर मोहित होकर नारद जी भगवान से सुंदर रूप मांगते हैं लेकिन भगवान उन्हें वानर का मुख प्रदान कर देते हैं। स्वयंवर में उपहास का पात्र बनने पर क्रोधित नारद भगवान को श्राप दे देते हैं। बाद में माया का प्रभाव हटने पर उन्हें अपनी भूल का अहसास होता है और वे भगवान के चरणों में गिरकर क्षमा याचना करते हैं।
कथा के अगले चरण में ऋषि विश्रवा के पुत्रों रावण, कुंभकर्ण और विभीषण के जन्म का प्रसंग दिखाया गया। इसके साथ ही रावण और मंदोदरी का विवाह संपन्न हुआ। मंचन में रावण के बढ़ते अत्याचारों को दर्शाया गया जहां वह ऋषियों-मुनियों के रक्त को एक घड़े में भरकर जनकपुर की भूमि में गड़वा देता है जो आगे चलकर माता सीता के प्राकट्य का कारण बनता है।
मंचन में दुर्गा प्रसाद गुप्ता, कालीचरण गुप्ता, सर्वेश यादव, वीरेन्द्र यादव, रोहित गुप्ता, अनुप श्रीवास्तव, राम उदार विश्वकर्मा, मिथिलेश प्रजापति, संतोष गुप्ता सहित अन्य कलाकारों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। इस अवसर पर मनोज गुप्ता, रमाशंकर गुप्ता, आकाश साहू, सुरेश गुप्ता, बृजेश गुप्ता सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।











