विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में भाषण प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
सुषमा पटेल ने युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिये किया प्रेरित
तेजस टूडे ब्यूरो
शुभांशू जायसवाल
जौनपुर। मेरा युवा भारत (MY Bharat) जौनपुर की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में शुक्रवार को टीडी कॉलेज में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2027 के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किये। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ किया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक मुंगराबादशाहपुर सुषमा पटेल रहीं जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामाश्रय सिंह ने किया।
मुख्य अतिथि सुषमा पटेल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। यूथ पार्लियामेंट जैसे आयोजन युवाओं को अपने विचार रखने, जनहित के मुद्दों को समझने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्राचार्य प्रो. रामाश्रय सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ऐसे रचनात्मक एवं बौद्धिक आयोजन भी आवश्यक हैं। भाषण प्रतियोगिताएं युवाओं में तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास, संवाद क्षमता और प्रभावी अभिव्यक्ति का विकास करती हैं। युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक परम्पराओं और संसदीय कार्यप्रणाली को समझने का व्यावहारिक अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनुभव सिंह ने प्रथम, अभिनव कृति पांडेय ने द्वितीय तथा अभिनव पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुषमा पटेल, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, प्रकाश चंद्र यादव, विजयलक्ष्मी एवं डॉ. माया सिंह शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत के वॉलंटियर सुमित सिंह ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में शिवांगी, कौशल, उत्कर्ष तिवारी, अर्पित यादव, तनु सिंह, स्नेहा मिश्रा, कृष्ण प्रजापति, अनूप मौर्य, शुभम प्रजापति, अर्चि वर्मा, सुमित सिंह सहित अन्य वॉलंटियरों का योगदान रहा। इस अवसर पर अकाउंटेंट विशाल सिंह, एमटीएस बृजेश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











