हैसर बाजार में देशी शराब की दुकान का ताला तोड़कर चोरी
25 हजार रूपये एवं दो पेटी शराब ले गये चोर
सीसीटीवी कैमरे के तार काटकर डीवीआर भी ले गये
तेजस टूडे ब्यूरो
प्रमोद गोस्वामी
संत कबीर नगर। धनघटा थाना क्षेत्र के हैसर बाजार स्थित देशी शराब की दुकान में चोरों ने ताला तोड़कर करीब 25 हजार रुपये नकदी, दो पेटी शराब और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर लिया। घटना के दौरान चोरों ने कैमरे के तारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो गई। बताया जाता है कि एमएलसी चुनाव के कारण दुकान बंद थी। अगली सुबह मुनीब दुकान खोलने पहुंचा तो ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो गल्ला खाली था और सीसीटीवी के तार टूटे हुए थे। दुकान से नकदी और शराब गायब देखकर उसने तत्काल मालिक को सूचना दी। दुकान मालिक के पहुंचने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर धनघटा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकान मालिक ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की शिकायत की तथा चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।













