रोटरी क्लब के निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में 412 मरीजों का हुआ उपचार
तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप पाण्डेय
रायबरेली। रोटरी क्लब रायबरेली के तत्वावधान में इंटेलेक्चुअल होम्योपैथिक ऑब्जेक्टिव सोसाइटी के सहयोग से शहर के बासन टोला स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में विशाल निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर लगा। शिविर में 412 जरूरतमंद मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करके उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा सभी मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गई। शिविर में वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान की। कार्यक्रम में पुरुषोत्तम गुप्ता एवं क्षेत्रीय सभासद शराफत अली का विशेष सहयोग रहा।
क्लब अध्यक्ष नवीन मेहरोत्रा ने उपस्थित अतिथियों एवं चिकित्सकों का स्वागत करते हुए कहा कि रोटरी क्लब समाजसेवा के कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहता है। कार्यक्रम अधिकारी एवं क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने सभी चिकित्सकगणों एवं क्लब सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना सबसे बड़ा पुनीत कार्य है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही अपोलोमेडिक्स सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल लखनऊ के सहयोग से एक निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा जिससे अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रमेश श्रीवास्तव, इंटेलेक्चुअल होम्योपैथिक ऑब्जेक्टिव सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. सुनील त्रिवेदी, डॉ. रफ़त आलम, डॉ. अमृता सिंह, डॉ. प्रभात श्रीवास्तव, डॉ. डी.एन. शर्मा, डॉ. अदीबा फारूकी, डॉ. आशुतोष श्रीवास्तव, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ. सलीम, डॉ. पवन वर्मा एवं डॉ. क्रांति सिंह ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन रोटरी क्लब के सचिव अमित लुनिया ने किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजीव भार्गव, पपिंदर सिंह सलूजा, सुशांत टंडन, राकेश कक्कड़, रजनीश कपूर, गोविंद खन्ना, अभिषेक गोयल, हमज़ा अली सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।













