थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
10 में से 4 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, (जालौन)। जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने शनिवार को थाना आटा में आयोजित थाना सम्पूर्ण समाधान दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। प्राप्त 10 शिकायतों में से 4 का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष 6 शिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर भेजी गईं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों की बात सुनें और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा फरियादियों को समयबद्ध तरीके से राहत उपलब्ध कराई जाय।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करें। पुलिस एवं राजस्व विभाग आपसी समन्वय से मामलों का निस्तारण करें, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाय।
थाना समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने थाना कोतवाली आटा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने जनसुनवाई को प्रभावी बनाने, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया।













