HomeTrendingपुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण

  • पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण

  • पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता एवं अनुशासन की परख के लिये कराया गया बलवा शस्त्र मॉक ड्रिल

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल मोबीन सिद्दीकी
बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार की साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ तथा फिट रखने के उद्देश्य से दौड़ कराई गई। परेड में अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखने हेतु टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कराया गया बलवा शस्त्र मॉक ड्रिल का अभ्यास। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न कराने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में बलवा शस्त्र मॉक ड्रिल का अभ्यास कराया गया। अभ्यास के दौरान बलवा एवं दंगा जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर दंगाइयों एवं उपद्रवियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की कार्यवाही का प्रदर्शन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं शस्त्रों के संचालन का अभ्यास कराया तथा उनके प्रयोग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दिया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ0 जितेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी ललिया डी0के0 श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी यातायात विजय पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश
मॉक ड्रिल के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने हेतु संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए निर्देशित किया गया कि किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए सदैव मानसिक एवं शारीरिक रूप से तत्पर रहें तथा दंगा नियंत्रण से संबंधित समस्त उपकरणों को सदैव सक्रिय एवं क्रियाशील अवस्था में रखें।

यूपी-112 वाहनों एवं उपकरणों का किया गया निरीक्षण
पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल यूपी-112 वाहनों का निरीक्षण कर उनमें उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट एड बॉक्स एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच किया। इस दौरान यूपी-112 कर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने तथा रिस्पांस टाइम को और बेहतर बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण
परेड एवं मॉक ड्रिल के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर स्टोर रूम, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, जीडी कार्यालय, कैंटीन, परिवहन शाखा, आदर्श आरक्षी बैरक, आवासीय परिसर, निर्माणाधीन प्रशिक्षण संस्थान एवं पुलिस भोजनालय का निरीक्षण किया। पुलिस भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया गया। इसके अतिरिक्त आरक्षी बैरक, पुलिस लाइन आवासीय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा परिसर को सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

 

 

 

 

 

Must Read