HomeTrendingटूटी पुलिया, ध्वस्त नाला, अधूरी व्यवस्थाओं के बीच होगा प्रान्तीय मेला

टूटी पुलिया, ध्वस्त नाला, अधूरी व्यवस्थाओं के बीच होगा प्रान्तीय मेला

  • टूटी पुलिया, ध्वस्त नाला, अधूरी व्यवस्थाओं के बीच होगा प्रान्तीय मेला

  • हादसों को खुला न्योता, विभागीय दावों की खुली पोल, श्रद्धालुओं की सुरक्षा भगवान भरोसे

तेजस टूडे सं.
बृजेन्द्र कुमार
डलमऊ, रायबरेली। स्थानीय क्षेत्र में लगने वाले ऐतिहासिक प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेला को अब चंद दिन ही शेष बचे लेकिन तैयारियों की जमीनी हकीकत चिंताजनक है। स्नान घाटों पर अधूरी व्यवस्थाएं, बदहाल रास्ते और खतरनाक गड्ढे श्रद्धालुओं के लिए मुसीबत बने हुए हैं। तैयारीयां कागजों पर चुस्त दुरुस्त हैं लेकिन धरातल पर अव्यवस्थाओं का अंबार लगा है। मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सहित जिला और तहसील प्रशासन के अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं और कडे दिशा निर्देश भी दिए गए हैं, उसके बाद भी तैयारी अधूरी है। स्नान घाटों पर वस्त्र परिवर्तन कक्ष, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था अभी तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी है। सबसे गंभीर स्थिति क्षतिग्रस्त पुलिया और अंडरपास नाले की है।
डलमऊ-रायबरेली मुख्य मार्ग पर सराय दिलावर के पास नहर की पुलिया कई महीनों से क्षतिग्रस्त है। कई बार समाचार पत्रों के माध्यम से अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया लेकिन मरम्मत के बजाय गड्ढे के आसपास बालू की बोरियां रखकर खानापूर्ति कर दी गई। डलमऊ रायबरेली मार्ग मेला का प्रमुख मार्ग है इस मार्ग से लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए गंगा तट डलमऊ पहुंचते हैं। ऐसे में जिम्मेदार विभाग द्वारा की जा रही लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वहीं मुराई बाग मुख्य चौराहे के पास जल निकासी के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा बनवाया गया अंडरपास नाला निर्माण के कुछ ही महीनों बाद क्षतिग्रस्त हो गया और बड़े गड्ढे के रूप में तब्दील हो गया। इस गड्ढे में आए दिन 4 एवं 2 पहिया वाहन चालक फंस कर चोटिल हो जाते हैं। कुछ महीने पूर्व गड्ढे को ढकने के लिए विभाग द्वारा सीमेंटेड पटिया रखी गई जो कुछ दिन बाद ही टूट गई।
स्थानीय लोगों द्वारा गड्ढे में कबाड़ डालकर ढक कर प्राय होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने का वैकल्पिक प्रयास किया गया है। टूटी पुलिया एवं ध्वस्त नाला गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हादसे का सबब बना हुआ है। सबसे बड़ी हैरानी की बात यह है कि मेले की तैयारी के लिए आए दिन उच्च अधिकारियों के लगातार निरीक्षण के बावजूद इन गंभीर समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। जिलाधिकारी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए जा चुके हैं लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते व्यवस्थाएं अधूरी हैं। अब सवाल यह है कि क्या मेले से पहले इन खतरनाक स्थानों की मरम्मत और अधूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाएगा या लाखों श्रद्धालुओं को अव्यवस्थाओं के बीच ही गंगा स्नान करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा? आस्था के इस ऐतिहासिक मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तत्काल धरातलीय कार्रवाई की जरूरत है जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

 

 

 

 

Must Read