HomeTrendingकिसानों के 180 करोड़ बकाया भुगतान को लेकर दो किसान संगठनों ने...

किसानों के 180 करोड़ बकाया भुगतान को लेकर दो किसान संगठनों ने सौंपा संयुक्त ज्ञापन

  • किसानों के 180 करोड़ बकाया भुगतान को लेकर दो किसान संगठनों ने सौंपा संयुक्त ज्ञापन

  • मिल का नया पेराई सत्र शुरू होने से पहले सम्पूर्ण भुगतान कराने की मांग

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड गोला चीनी मिल पर किसानों के पिछले पेराई सत्र का लगभग 180 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया होने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन अमन संधू एवं भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी ने संयुक्त रूप से किसान नेता एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमनदीप सिंह संधू तथा भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष बलकार सिंह के नेतृत्व में गोला तहसील पहुंचकर नायब तहसीलदार धनंजय सिंह को ज्ञापन सौंपा। साथ ही दोनों किसान संगठनों की ओर से सहकारी गन्ना विकास समिति, गोला के सचिव बलवंत सिंह चौधरी को भी ज्ञापन दिया गया। उनसे स्पष्ट मांग की गई कि जब तक बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड, गोला मिल द्वारा पिछले पेराई सत्र का किसानों का संपूर्ण बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं कर दिया जाता तब तक नए पेराई सत्र की गन्ना पर्चियां एवं इंडेंट जारी न किए जाएं। पहले किसानों का पुराना भुगतान कराया जाए, उसके बाद ही गन्ने की नई पर्चियां जारी की जायं।
ज्ञापन में बताया गया कि गोला चीनी मिल पर क्षेत्र के किसानों का पिछले पेराई सत्र का लगभग 180 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य बकाया है। मिल प्रबंधन द्वारा पूर्व में आश्वासन दिया गया था कि आगामी पेराई सत्र शुरू होने से पहले किसानों का संपूर्ण भुगतान कर दिया जाएगा लेकिन इसके बावजूद किसानों को उनकी मेहनत की कमाई नहीं मिली है। किसान नेता अमनदीप सिंह संधू ने कहा कि किसान अपनी मेहनत की कमाई मांग रहा है, कोई खैरात नहीं। भुगतान में लगातार देरी के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। बैंक ऋण की किस्तें जमा न कर पाने के कारण किसानों के खाते एनपीए हो रहे हैं और कई किसानों के सामने जमीन नीलामी तक की नौबत आ रही है। ऐसी स्थिति में किसानों का पुराना भुगतान किए बिना उनसे नए पेराई सत्र में गन्ना आपूर्ति की अपेक्षा करना उचित नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि खाद, डीजल, कीटनाशक, सिंचाई और कृषि मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। दोनों संगठनों की प्रमुख मांग है कि आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य ₹600 प्रति क्विंटल निर्धारित किया जाए, ताकि किसानों को उनकी मेहनत और बढ़ती उत्पादन लागत के अनुरूप उचित मूल्य मिल सके। ज्ञापन में क्षेत्र के किसानों के गलत गन्ना सर्वे एवं सट्टों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग भी उठाई गई। संबंधित गन्ना समितियों एवं विभागीय अधिकारियों से वास्तविक रकबे के अनुसार सर्वे की जांच कराकर सट्टों में सुधार करने की मांग की गई, ताकि किसानों को आगामी सत्र में पर्चियों एवं गन्ना आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो। अमनदीप सिंह संधू ने कहा कि दोनों किसान संगठन किसानों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ते रहेंगे। प्रशासन एवं मिल प्रबंधन से मांग है कि किसानों की समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर समयबद्ध समाधान कराया जाय। यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो दोनों संगठन किसानों के साथ शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय किसान यूनियन अमन संधू एवं भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के पदाधिकारियों के साथ रामकुमार वर्मा, उत्तम यादव, शहीद खान, जाबिर प्रधान, मनदीप सिंह, यशपाल सिंह भदौरिया, सुरिंदर वर्मा, राज किशोर, रितेश वर्मा, राजीव पटेल, राजवीर भदौरिया, सुरजीत कुमार, आदर्श कुमार सहित क्षेत्र के तमाम किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दोनों किसान संगठनों का संयुक्त संदेश
पहले किसानों के पिछले पेराई सत्र का संपूर्ण बकाया भुगतान, उसके बाद ही नए पेराई सत्र की पर्चियां जारी हों। किसान की मेहनत का पैसा उसका अधिकार है, कोई खैरात नहीं।

 

 

 

 

Must Read