सड़क सुरक्षा पखवाड़ा जागरूकता रैली का डीएम—एसपी ने किया शुभारम्भ

  • सड़क सुरक्षा पखवाड़ा जागरूकता रैली का डीएम—एसपी ने किया शुभारम्भ

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जनपद में 16 से 30 नवम्बर तक सम्पन्न होने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहनों एवं एन.सी.सी. कैडेट्स की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एन.सी.सी. कैडेट्स की रैली कलेक्ट्रेट परिसर से निकल कर विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए नानपारा बईपास स्थित परिवहन कार्यालय पर सम्पन्न हुई। जबकि रैली में शामिल जागरूकता वाहन लनपद के विभिन्न स्थलों पर घूम-घूम कर आमजन को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करेंगे।
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के शुभारम्भ पर जिलाधिकारी ने मौजूद लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने आमजन विशेषकर युवा वर्ग से अपील किया कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। चार पहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट बांधें तथा हेलेमेट पहन कर दो पहिया वाहन चलाये। मार्गों पर लगायें संकेतांक तथा स्पीड लिमिट का पालन करें तथा दूसरे लोगों को भी नियमों का पालन करने के लिये जागरूक करें। कभी भी नशे की हालत में वाहन न चलायें, ओवर स्पीडिंग से बचे। डीएम ने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक संचालित होने वाले पखवाड़े के दौरान जिले भर में लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और शराब पीकर गाड़ी न चलाने को लेकर जागरूक किया जाएगा। साथ ही जगह-जगह पर नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम किये जायेंगे।
इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुशील कुमार, परिवहन विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह, यातायात प्रभारी सहित परिवहन एवं यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।