राज्यपाल ने की अधिकारियों संग समीक्षा बैठक
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिये निर्देश
राज्यपाल ने की मिशन मैदान पहल की सराहना
तेजस टूडे ब्यूरो
एनके मिश्रा
लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व के सभागार में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक की शुरुआत में सीडीओ अभिषेक कुमार ने जिले की सांस्कृतिक, भौगोलिक और सामाजिक विशेषताओं की प्रस्तुति दी जहां जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार, डीडी दुधवा टी रंगा राजू, डीएफओ सौरीस सहाय, संजय बिसवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि थारू जनजातीय क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ अभियान चलाकर लोगों तक पहुँचाया जाए। इन क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों के समग्र विकास के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर ज़ोर दिया जाय। सीएमओ को निर्देशित किया कि निजी चिकित्सालयों से प्रसव से संबंधित डेटा एकत्र किया जाए। सीएमओ ने अवगत कराया कि जिले में प्रसव सुविधाओं वाले डिलीवरी प्वाइंट्स की संख्या बढ़ाई जा रही है और थारू क्षेत्रों में छह उपकेंद्र 24×7 संचालित हैं। जिले में दो एनआरसी केंद्र कार्यरत हैं। अब तक 168 ग्राम पंचायतों को टीवी मुक्त घोषित किया जा चुका है।
राज्यपाल ने निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आवश्यक होम्योपैथिक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इनके उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाए। एनआरसी केंद्रों को बाल मैत्री बनाने हेतु वहां टीवी, खिलौने और बच्चों के बैठने की सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। राज्यपाल ने जानकारी ली कि पिछले वर्ष 1300 गंभीर रूप से कुपोषित (सैम श्रेणी) बच्चों को सुपोषित किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे बच्चों की घर-घर जाकर निगरानी की जाए। इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों में किराए पर चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को परिषदीय विद्यालयों के कक्षों में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया। छह वर्ष के सभी नामांकित बच्चों का परिषदीय स्कूलों में अनिवार्य रूप से नामांकन कराने के निर्देश भी दिये।
बैठक में राज्यपाल ने बीएसए से जिले में संचालित 31 पीएम श्री विद्यालयों की जानकारी लेते हुये नामांकन प्रक्रिया की प्रगति जानी। सीडीओ ने बताया कि अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत जिले के 416 तालाबों में से 355 पूर्ण हो चुके हैं और शेष 61 पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कृषि विभाग से ऑर्गेनिक खेती और श्री अन्न (मिलेट्स) के उत्पादन की स्थिति भी साझा किया।
——इनसेट——
राज्यपाल ने की मिशन मैदान पहल की सराहना
सीडीओ अभिषेक कुमार ने ‘मिशन मैदान’ नामक जिला प्रशासन की अभिनव पहल का प्रजेंटेशन राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुत किया। राज्यपाल ने इस प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुये इसे स्वास्थ्य व पुस्तकालय सुविधाओं से जोड़ने का सुझाव दिया। बैठक में दुधवा टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर टी. रंगा राजू ने वन विभाग की गतिविधियों पर प्रस्तुति दी। साथ ही सीडीओ ने ‘हर गांव, तालाब’ योजना पर भी जानकारी दिया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









