रानी की नगरी से गूंजेगा हनुमान चालीसा का जयघोष
30 नवम्बर को जुटेंगे हजारों श्रद्धालु
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की कर्मभूमि झांसी से देशभर में होने वाले सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ अभियान का शंखनाद होने जा रहा है। 30 नवंबर को खंडेराव गेट स्थित लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में भव्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में देश भर में प्रस्तावित इस धार्मिक अभियान की शुरुआत झांसी से होगी।
लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा नेता मनीष तिवारी, लल्लन महाराज, पीयूष रावत और जितेंद्र तिवारी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य सनातन संस्कृति का व्यापक प्रचार-प्रसार करना और विशेष रूप से युवाओं को सनातन परंपराओं से जोड़ना है। हनुमान चालीसा केवल धार्मिक पाठ नहीं, बल्कि आस्था, भक्ति और सामूहिक आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। इसी भावना के साथ सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ अभियान की शुरुआत वीरांगना की नगरी झांसी से की जा रही है।
आयोजकों ने बताया कि 30 नवंबर को लक्ष्मी व्यायाम मंदिर में होने वाला यह अनुष्ठान भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सहभागिता करेंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने झांसी महानगर सहित आस—पास के क्षेत्रों के धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील किया, ताकि इस दिव्य धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें।











