कांस्टेबल के सराहनीय प्रयास से 104 वर्षीय बुजुर्ग सन्त परिजनों से मिले
सोशल मीडिया बना सहारा
तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। करनैलगंज रेलवे स्टेशन परिसर में भटके मिले 104 वर्षीय बुजुर्ग संत को कांस्टेबल अमित कुमार के सराहनीय प्रयास से आखिरकार उनके परिजनों तक सकुशल पहुंचा दिया गया। बुजुर्ग का नाम सूर्यबली बताया गया है जो कमलापुर जनपद सीतापुर के निवासी हैं। उनके पौत्र कमलेश कुमार रविवार को करनैलगंज पहुंचकर उन्हें अपने साथ घर ले गये।
बताया गया कि सूर्यबली बाबा करीब 5 दिन पहले लखनऊ के चौक स्थित मंदिर से घर जाने के लिए ट्रेन पर बैठे थे लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण करनैलगंज पहुंच गये। 3 दिन पहले वह करनैलगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के ट्रैक किनारे असहाय अवस्था में पड़े मिले। सुबह टहलने निकले थाना कोतवाली करनैलगंज में तैनात कांस्टेबल अमित कुमार की नजर बुजुर्ग पर पड़ी। उन्होंने तत्काल उनसे पूछताछ की और मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए उनकी मदद शुरू की। इसके बाद बाबा का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया जिसके माध्यम से उनके परिजनों तक सूचना पहुंची।
कांस्टेबल अमित कुमार ने बताया कि परिजनों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया और बुजुर्ग को सुरक्षित रखा गया। उन्हें वस्त्र पहनाकर उचित सेवा-संभाल भी दी गई। अंततः रविवार को उनके पौत्र कमलेश कुमार करनैलगंज पहुंचे और आवश्यक पुष्टि के बाद बाबा को अपने साथ घर ले गए। स्थानीय लोगों ने कांस्टेबल अमित कुमार की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा किया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान न दिया जाता तो ट्रैक किनारे पड़े बुजुर्ग के साथ कोई बड़ा हादसा हो सकता था। अमित कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी को अपने परिवार के वृद्धजनों की सेवा करनी चाहिए तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए, ताकि कोई भी बुजुर्ग इस प्रकार भटकने को मजबूर न हो।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



