HomeTrending34 दम्पत्ति एक साथ रहने को हुये राजी

34 दम्पत्ति एक साथ रहने को हुये राजी

  • 34 दम्पत्ति एक साथ रहने को हुये राजी

तेजस टूडे ब्यूरो
अश्विनी सैनी
उन्नाव। पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों से शुरू होने वाला विवाद कई बार इतना बढ़ जाता है कि बात अलग रहनेऔर रिश्ता खत्म करने तक पहुंच जाती है। ऐसे ही पारिवारिक विवादों में उलझे 34 दंपतियों के बीच पुलिस ने बातचीत का रास्ता निकालने की कोशिश की। परिवार परामर्श केंद्र और अलग-अलग थानों की महिला हेल्प डेस्क पर हुई काउंसलिंग के बाद सभी 34 जोड़े आपसी सहमति से साथ रहने को तैयार हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर उनके बीच चल रहे मनमुटाव को दूर कराने का प्रयास किया। एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र और विभिन्न थानों की महिला हेल्प डेस्क पर यह पहल की गई।
सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन प्रदीप कुमार की अध्यक्षता और क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा की मौजूदगी में दंपतियों की काउंसलिंग कराई गई। इस दौरान परामर्शदाताओं और महिला पुलिसकर्मियों ने पति-पत्नी को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं। काउंसलिंग के दौरान किसी एक पक्ष की बात पर फैसला करने के बजाय दोनों की शिकायतों और नाराजगी को समझने की कोशिश की गई। परामर्शदाताओं ने दंपतियों को आपसी बातचीत, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति सम्मान बनाए रखने की अहमियत बताई। उन्हें समझाया गया कि पारिवारिक जिम्मेदारियों को मिलकर निभाने और एक-दूसरे की बात समझने से कई विवादों को बढ़ने से रोका जा सकता है। बातचीत के बाद सभी 34 जोड़ों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने की सहमति जताई।

पुरवा थाने से पहुंचे नौ जोड़े
पुलिस के मुताबिक काउंसलिंग के बाद साथ रहने को राजी हुए 34 जोड़ों में सबसे अधिक नौ जोड़े पुरवा थाने के थे। महिला थाने से सात और रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र से पांच जोड़ों की काउंसलिंग हुई। इसके अलावा अजगैन से तीन, बांगरमऊ और बारासगवर से दो-दो जोड़े शामिल रहे। कोतवाली सदर, आसीवन, बीघापुर, हसनगंज, मौरावां और दही थाने से एक-एक जोड़े ने काउंसलिंग में हिस्सा लिया। इस तरह जिले के 12 थानों और परिवार परामर्श केंद्र की पहल से कुल 34 दंपतियों के बीच विवाद सुलझाने का प्रयास सफल रहा।

परामर्शदाताओं और महिला पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस अभियान में परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. शशि रंजना अग्निहोत्री, डॉ. एसके पांडेय, तबस्सुम नफीस, डॉ. सागीर अली, डॉ. अबसार अली और शिवेंद्र सिंह का योगदान रहा। पुलिस टीम में परिवार परामर्श केंद्र/महिला हेल्प डेस्क प्रभारी संतोष कुमारी, महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह और महिला उपनिरीक्षक मिथिलेश वर्मा समेत महिला हेल्प डेस्क की पुलिसकर्मियों ने जिम्मेदारी निभाई।

 

 

 

 

Must Read