नगरिया टांडा में आग से तबाह परिवार के घर पहुंचे सपा नेता राजकुमार
तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। विधानसभा क्षेत्र पूरनपुर के ग्राम नगरिया टांडा में आगजनी से प्रभावित परिवार के घर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार ‘राजू’ पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया और आर्थिक सहयोग देकर संकट की घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। बताया जा रहा है कि नगरिया टांडा निवासी रामपाल कुशवाह पुत्र सेवाराम के घर में अचानक आग लग गई थी। आग ने देखते ही देखते घर का सामान अपनी चपेट में ले लिया जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। घटना के बाद से परिवार के सामने खाने-पीने और रहने तक की कठिन परिस्थितियां पैदा हो गई हैं। जानकारी मिलते ही सपा नेता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे जिन्होंने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और परिवार के सदस्यों से विस्तार से बातचीत किया। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे अकेले नहीं हैं। इस दौरान उन्होंने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। “मुसीबत के समय जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना ही सच्ची इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी है। किसी के घर में विपत्ति आती है तो उसके दर्द को समझना और मदद के लिए आगे आना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी पीड़ित परिवार की यथासंभव मदद करने की अपील की। साथ ही प्रशासन से आग्रह किया कि आगजनी में हुए नुकसान का उचित आकलन कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को इस मुश्किल समय में कुछ राहत मिल सके। इस अवसर पर क्षेत्र के समाजवादी कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त किया।











