शिव महापुराण कथा का हुआ आयोजन
अमित शुक्ला
सीतापुर। नगर पंचायत महोली में प्रज्ञानं सत्संग आश्रम कठिनातट में नौ दिवसीय शिव महापुराण कथा का शुभारम्भ देव प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलन व व्यास पूजन के साथ हुआ। कथा व्यास मुम्बई से पधारे संत आशुतोष जी महाराज ने कथा के प्रथम दिवस पर शिव पुराण कथा के माहात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि काशी नगरी भगवान शिव का अति प्रिय स्थान है। वह शिव का नन्दन कानन है। अपने तन के साथ अपने मन को भी कथा मण्डप में भगवान शिव में स्थिर करें। उत्तर प्रदेश की यह धरती जहां भगवान राम और कृष्ण ने अवतार धारण किए। जहाँ शिव जी की काशी विद्यमान है। यह भूमि वन्दनीय है। यह नैमिषारण्य-मिश्रिख की धरा महोली जहाँ पर सदानीरा कठिना नदी प्रवाहमान है। इसी के निकट प्रज्ञान सत्संग आश्रम के इस अत्यंत रमणीय स्थल पर शिव कथा का आयोजन हो रहा है। यह भगवान शिव भोले की अहैतुकी कृपा है। उन्होंने कहा कि शिव कथा का महात्म्य कहता है कि शिव तत्व साध्य है, साधन नहीं। हम शिव से नहीं, शिव को प्राप्त करने का उद्यम करें। उनसे जो मिलना था वह मिल गया। अब इस शरीर से उनको प्राप्त करने की ओर बढ़ें। हम दूसरों से अपने गुणों को सुनकर प्रसन्न होते हैं। यह ठीक है हमारे गुण ऐसे हों कि लोग प्रशंसा करें, लेकिन अपने अवगुणों को पहचानना और उन्हें दूर करते- करते स्वयं शिवतत्त्व तक पहुँचने की साधना सबको करनी है। कथा का उद्देश्य है जीव को महादेव की दिव्य अनुभूति कराना। भगवान शिव की यह कथा स्वयं उन्हीं के मुख से निःसृत है, वही इसके आदि वक्ता वही कथा व्यास हैं। शिवपुराण इस भूतल पर शिव जी का वांग्मय स्वरूप है। नौ दिन की इस कथा में हम शिव की दिव्य अनुभूति कर सकें अथवा उस दिशा में हम बढ़ सकें, यही आयोजन का परम प्राप्तव्य है। इस अवसर पर आश्रम के संत स्वामी प्रणवानंद सरस्वती, कथा के मुख्य यजमान दिनेश मिश्र पिंटू, डा. हर्ष वर्धन शुक्ल, राज कुमार तिवारी, महेश अग्रवाल, अवधेश वर्मा, विजय प्रकाश गुप्त, अजय प्रकाश गुप्त, श्यामू शुक्ला, डा. रेनू वर्मा सहित भक्तगण उपस्थित रहे।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










