एससी-एसटी छात्रों ने छात्रवृत्ति के लिये कुलपति कार्यालय पर दिया धरना
963202
एससी-एसटी छात्रों ने छात्रवृत्ति के लिये कुलपति कार्यालय पर दिया धरना
चीप प्राक्टर के आश्वासन पर माने छात्र
तेजस टूडे सं.
विरेन्द्र यादव
सरायख्वाजा, जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्रों ने छात्रवृत्ति के लिए कुलपति कार्यालय के सामने शनिवार को धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान अपना शुल्क पूर्ति के लिए मांग कर रहे थे, चीप प्रॉक्टर व छात्र कल्याण अधिष्ठाता के समझाने व आश्वासन पर छात्र—छात्राएं शांत हो गये।
बता दें कि परिसर में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों की छात्रवृत्ति नहीं आई और विभागों द्वारा छात्रों को फीस जमा करने के लिए दबाव दिया जा रहा था जिससे अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्र भड़क गये। छात्रों ने कहा कि उनकी छात्रवृत्ति से शुल्क प्रतिपूर्ति की जाय। मामले को लेकर विभिन्न पाठ्यक्रमों के अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के छात्र—छात्राएं कुलपति कार्यालय के सामने 11 बजे पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। वह मांग करने लगे कि हम लोगों की छात्रवृत्ति के जरिए ही शुल्क प्रतिपूर्ति का समायोजन किया जाए।
धरने की जानकारी लगते ही चीफ प्रॉक्टर प्रो. राजकुमार सोनी छात्र कल्याण, अधिष्ठाता डीएसडब्ल्यू प्रो. प्रमोद यादव, डा. मनोज पाण्डेय मौके पर पहुंच गये जो समझाने—बुझाने में जुट गये। सूचना लगते ही थानाध्यक्ष विनय प्रकाश सिंह एवं चौकी प्रभारी अखिलेश यादव छात्रों के धरनास्थल पर पहुंचकर धरना खत्म करने का जोर देने लगे लेकिन छात्र छात्रवृत्ति के लिए अड़े रहे। इस पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. राजकुमार सोनी ने छात्रों को समझाया कि संबंधित विभागों से संपर्क कर उनके छात्रवृत्ति आवेदन में जो भी त्रुटियां हैं, उसे सुधार कर उनकी छात्रवृत्ति मंगवाई जाएगी लेकिन विश्वविद्यालय अपने स्तर से उनकी शुल्क प्रति नहीं कर सकता। उन्होंने छात्रों को कहा कि समाज कल्याण विभाग से पत्राचार किया जाएगा। कुछ दिन और इंतजार करें छात्रवृत्ति आएगी जिससे उनकी समस्या का समाधान हो सकेगा। इसके बाद धरना-प्रदर्शन कर रहे छात्र मान गये और धरना को समाप्त कर दिये।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।