सपाजनों ने मनायी महान वैज्ञानिक एवं पूर्व राष्ट्रपति की जयन्ती
तेजस टूडे ब्यूरो
चुन्नन खां
पीलीभीत। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार नकटादाना स्थित समाजवादी पार्टी कैम्प कार्यालय में भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। उपस्थित सपाजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें नमन किया तथा उनके विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने कहा कि डॉ. कलाम का संपूर्ण जीवन देश की सेवा, वैज्ञानिक सोच, सादगी और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अपना पूरा जीवन भारत को वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षेत्र में मजबूत बनाने के लिए समर्पित कर दिया। उनका मानना था कि देश का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब युवाओं को बेहतर शिक्षा, समान अवसर और आगे बढ़ने का मौका मिले। उनके विचार आज भी देश के करोड़ों युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देते हैं।
पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा ने कहा कि डॉ. कलाम ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दूरदर्शी सोच से भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने युवाओं को हमेशा ज्ञान, मेहनत और ईमानदारी के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। सपा जिला उपाध्यक्ष मखदूम खान ने कहा कि डॉ. कलाम केवल एक महान वैज्ञानिक और राष्ट्रपति ही नहीं, बल्कि देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी थे। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान और राष्ट्र निर्माण को विशेष महत्व दिया। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाएं और एक शिक्षित, विकसित, समतामूलक एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभायें।
इस अवसर पर विनोद वर्मा एडवोकेट, धनपति वर्मा एडवोकेट, रामनरेश वर्मा, सपा जिला सचिव मो. हसन खान, कायम खान एडवोकेट, जगमोहन यादव, शकील, महेश वर्मा, रेहान अंसारी, शहरोज रज़ा, शादाब खान सहित तमाम सपाजन उपस्थित रहे।













